Threat Email to Haryana Schools and BJP Offices: सीएम नायब सैनी और अमित शाह के कार्यालयों को निशाना बनाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

पंचकूला के स्कूलों, गृह मंत्री अमित शाह और सीएम नायब सैनी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप। पुलिस जांच शुरू।
 
Haryana CM Nayab Saini news

पंचकूला : हरियाणा के पंचकूला जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब कई प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ई-मेल मिला। इस ई-मेल के सामने आते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में स्कूलों और आसपास के अति-संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, भेजे गए धमकी भरे ई-मेल में न केवल स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई है, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा (BJP) के मुख्य कार्यालयों का भी स्पष्ट जिक्र किया गया है।

 ई-मेल में खालिस्तान से जुड़ी आपत्तिजनक और बेहद धमकीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इसमें हरियाणा और पंजाब के प्रमुख राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ भाजपा के दफ्तरों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। साइबर सेल की मदद से ई-मेल के आईपी एड्रेस और इसे भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी चंडीगढ़ और आसपास के पड़ोसी शहरों में स्कूलों को इसी तरह के फर्जी धमकी भरे मेल मिल चुके हैं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया था।