जींद: पीएम मोदी का दौरा, 5000 पुलिस जवान तैनात और चाक-चौबंद सुरक्षा
पीएम नरेंद्र मोदी की 17 जुलाई की जींद यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम। 5000 पुलिस बल तैनात, विशेष ट्रैफिक प्लान और सीसीटीवी से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी।
जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद यात्रा को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 5000 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। ये जवान रैली स्थल, हेलीपैड, प्रमुख मार्गों, रेलवे स्टेशन तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जिम्मेदारियां संभालेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत 30 राइडर, 6 पीसीआर और 6 ईआरवी वाहनों को तैनात किया गया है। वहीं थाना शहर, सदर, सिविल लाइन, महिला थाना सहित सभी संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने बताया कि सीआईए की सभी टीमें भी लगातार क्षेत्र में निगरानी और गश्त कर रही हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। हेलीपैड से रेलवे स्टेशन और रैली स्थल तक पूरे सुरक्षा मार्ग की निगरानी अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे की जाएगी।
इसके अलावा जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की विशेष गश्त जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

