PM बोले- दुनिया की शक्ति सेमीकंडक्टर चिप में सिमटी ,एक दिन दुनिया कहेगी मेड इन इंडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में सेमीकॉन इंडिया-2025 का उद्घाटन किया। इसमें केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'भारत अब बैकएंड से निकलकर एक फुल-स्टेक सेमीकंडक्टर राष्ट्र बनने की राह पर है। हम सभी निवेशकों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। वो दिन दूर नहीं, जब दुनिया कहेगी, डिजाइन्ड इन इंडिया, मेड इन इंडिया एंड ट्रस्टेड बाय वर्ल्ड।
PM ने कहा, 'सेमीकंडक्टर की दुनिया में कहा जाता है कि ऑयल ब्लैक गोल्ड था, लेकिन चिप्स डिजिटल डायमंड हैं। पिछली सदी में दुनिया का भविष्य तेल के कुएं से तय होता था, लेकिन 21वीं सदी की शक्ति एक छोटी सी चिप में सिमट गई है।'
'यह चिप भले ही छोटी है, लेकिन इसमें दुनिया के विकास को गति देने की ताकत है। दुनिया भारत के साथ सेमीकंडक्टर का भविष्य बनाने के लिए तैयार है। दुनिया भारत पर भरोसा करती है। डिजाइन इन इंडिया और मेड इन इंडिया, यही भविष्य की पहचान होगी।'
PM मोदी ने सेमीकॉन इंडिया-2025 कार्यक्रम में अपने भाषण की शुरुआत मजाकिया अंदाज से की। उन्होंने कहा, 'मैं कल रात की जापान और चीन की यात्रा करके लौटा हूं।' PM खे इतना कहते ही दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों ने तालियां बजाईं।
इस पर PM ने थोड़ा सीरियस होकर कहा, 'गया था इसलिए ताली बजा रहे हो या वापस आ गया इसलिए ताली बजा रहे हो।' PM की बातों पर लोग जोर से हंसने लगे। इसके बाद PM मोदी भी मुस्कुराते दिखे।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, 'हमने 3.5 साल पहले भारत सेमीकंडक्टर मिशन की शुरुआत की थी। इतने कम समय में ही दुनिया भारत की ओर भरोसे से देख रही है। PM मोदी ने सेमीकॉन इंडिया-2024 में कहा था कि जब मुश्किलें आएं, तो आप भारत पर दांव लगा सकते हैं। हाल ही में पहली तिमाही में 7.8% की वृद्धि दर प्रधानमंत्री की बातों का प्रमाण है।'
अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री को विक्रम 32-बिट प्रोसेसर और 4 प्रोजेक्ट्स के टेस्ट चिप्स गिफ्ट किए। विक्रम 32-बिट प्रोसेसर पूरी तरह भारत में विकसित पहला 32-बिट माइक्रो प्रोसेसर है, जिसे ISRO सेमी-कंडक्टर लैब ने बनाया है। इसे लॉन्च व्हीकल्स की मुश्किल पर्यावरणीय हालातों में इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया है।
सेमीकॉन इंडिया-2025 तीन दिनों तक चलने वाली कॉन्फ्रेंस है, जिसका आयोजन भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। इस कॉन्फ्रेंस में 48 देशों की 350 से ज्यादा कंपनियां, 2500 प्रतिनिधि, 50 ग्लोबल लीडर्स समेत समेत 20,750 से ज्यादा कंटेस्टेंट भाग लेंगे।
इसमें छह देशों की राउंड टेबल चर्चा, देश-स्तरीय मंडप और वर्कफोर्स डेवलपमेंट एंड स्टार्ट-अप्स के लिए समर्पित मंडप भी शामिल होंगे। PM मोदी 3 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के CEO की राउंड टेबल में हिस्सा लेंगे। यह राउंड टेबल सुबह 9.30 बजे से शुरू होगी।

