50 लाख लेकर जा रही पीएनबी कैश वैन में लगी आग 

 
50 लाख लेकर जा रही पीएनबी कैश वैन में लगी आग 

सोनीपत 

शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की कैश वैन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। वैन में लाखों रु नकद रखा हुआ था। गाड़ी में सवार पांचों कर्मचारी समय रहते बाहर कूद गए। सूझबूझ से काम लेते हुए कर्मचारियों ने न केवल अपनी जान बचाई बल्कि नकदी को भी सुरक्षित रखा।

घटना सोनीपत पुलिस लाइन के सामने की बताई जा रही है, जहां गोहाना की ओर से आ रही PNB चेस्ट बैंक की कैश वैन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वैन में बैठे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सभी पांच लोग ड्राइवर, दो सिक्योरिटी गार्ड, एक लोडर और डिप्टी मैनेजर ने तुरंत गाड़ी से कूद गए और अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, यह वैन हिंदू कॉलेज के पास स्थित PNB ब्रांच से कैश लेकर निकली थी। टीम का उद्देश्य विभिन्न बैंकों के एटीएम में पैसे डालना था। पांच सदस्यों की यह टीम गोहाना से एटीएम में कैश डालने के बाद सोनीपत लौट रही थी। लौटते समय पुलिस लाइन के पास चलते-चलते वैन के डेशबोर्ड में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी।

वैन में करीब 50 लाख रुपए नकद रखा हुआ था। आग लगते ही कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से दूरी बना ली और फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। समय रहते मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर करीब 30 मिनट में काबू पा लिया। सौभाग्य से न तो किसी व्यक्ति को चोट लगी और न ही कैश का नुकसान हुआ।

फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। आग लगने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। स्थिति सामान्य होने के बाद कैश को दूसरी वैन में सुरक्षित रूप से बैंक पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।