हाथ में लाल चूड़ा-मेहंदी लगी हुई गर्भवती महिला की हत्या
Apr 30, 2025, 16:21 IST

यमुनानगर में बुधवार सुबह एक गर्भवती महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेतों में घास काटने आई कुछ महिलाओं ने शव देखा था, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस और ग्रामीणों को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है।
पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या का शक है। उसके शरीर पर किसी धारदार हथियार से काटने के घाव हैं। साथ ही उसके चेहरे को किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचल दिया गया है, ताकि उसकी पहचान न हो सके। शव के हाथों में मेहंदी लगी हुई है और लाल चूड़ा पहना हुआ है। फिलहाल, शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
- खेत में काम करने गए तो कुछ पड़ा देखा: यह मामला यमुनानगर के चनेटी गांव का है। पुलिस के अनुसार, सुबह के समय कुछ महिलाएं खेतों में काम करने के लिए पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने देखा कि सैनी फार्म के पास नेपियर घास के खेत में कुछ पड़ा है। हालांकि, दूर से कुछ ठीक नहीं दिखा।
- दूसरी तरफ से महिला की लाश दिखी, पेट दिख रहा था: प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण महिला सुमन रानी ने बताया है कि पहले तो देखने में लगा कि खेत में कोई आदमी पड़ा है। अंदाजा था कि कहीं कोई शराब पीकर पड़ा होगा। हालांकि, जब उन्होंने खेत के दूसरी तरफ जाकर देखा तो वह एक महिला की लाश थी। उसका केवल पेट दिख रहा था। चेहरा कुचला हुआ था।
- पहले लगा कि किसी ने बच्चा गिरा दिया है: चश्मदीद महिला का कहना है कि उससे पहले उन्हें यह भी लगा था कि किसी ने बच्चा गिरा दिया है, क्योंकि वहां मांस के लोथड़े पड़े हुए थे। जब महिला का पता चला तो हमने गांव के लोगों को जानकारी दी। उन्होंने जाकर पहले पुष्टि की। इसके बाद पुलिस को बुलाया।
- सूचना मिलने पर बूढ़िया थाना प्रभारी नरसिंह और DSP जगाधरी राजीव मिगलानी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुआयना किया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने सबूत जुटाए हैं। दुर्गा शक्ति पुलिस की महिला कर्मचारी भी मौके पर पहुंचीं।