10 मार्च को हिसार आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

 
10 मार्च को हिसार आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 मार्च को हरियाणा आएंगी। हरियाणा के हिसार में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) हिसार के छठें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिरकत करेंगी। यह पहला मौका होगा जब जीजेयू में देश के राष्ट्रपति का आगमन हो रहा है।

इससे पहले वह 2023 में हिसार हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में आई थीं। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को खास बनाने के लिए कई इंतजाम किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति को दोपहर के भोजन (लंच) में हरियाणवी और राजस्थानी खाना परोसा जाएगा।

लंच में देसी घी का चूरमा, बाजरे की खिचड़ी, मिलेट्स से बनी रोटियां, राजस्थान की केर सांगरी की सब्जी, चावल की खीर, बथुए का रायता, मूंग दाल तड़का, लौकी की सब्जी, पालक कोर्न, गाजर मेथी मटर की सब्जी, उबली सब्जी, रेड एंड बाऊन राइस, ग्रीन सलाद और दही और ताजा फल परोसे जाएंगे।

हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रीगण भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि राष्ट्रपति के 10 मार्च को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

आज (शनिवार को) प्रशासनिक अमला सुरक्षा सहित तमाम पहलुओं की समीक्षा करेगा। इस समीक्षा प्रक्रिया के दौरान उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन सहित जिला के तमाम प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

एडीसी सी. जयाश्रद्घा ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का हिसार दौरा खासा अहम है। राष्ट्रपति प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय हिसार के पीस पैलेस भी जाएंगी। दोनों जगह प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की समीक्षा लगातार समय-समय पर की जा रही है।

विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से भी कार्यक्रम की रिहर्सल की जा रही है। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जरूरी औपचारिकताएं, सुरक्षा के सभी प्रबंधन, निर्बाध बिजली सप्लाई, संभावित स्थानों पर बैरिकेडिंग, वाहनों की पार्किंग और आमजन, वीआईपी से संबंधित जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए।

वीसी प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि दीक्षांत समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार के मुख्य हॉल में होगा। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय द्वारा पीएचडी, पोस्ट ग्रेजुएट व अंडर ग्रेजुएट की डिग्रियों के अतिरिक्त मेडल भी प्रदान किए जाएंगे।

दीक्षांत समारोह का ओवरऑल संयोजन परीक्षा नियंत्रक कार्यालय द्वारा किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में 9 फरवरी 2018 से 31 दिसंबर 2024 तक अवॉर्ड की गई 561 पीएचडी की डिग्रियां संबंधित शोधार्थियों को प्रदान की जाएंगी। यूटीडी और पुराने इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट महाविद्यालयों के 326 विद्यार्थियों को मेडल्स प्रदान किए जाएंगे।

2017 से 2023 तक के पासआउट संबद्ध डिग्री, लॉ व शिक्षा कॉलेजों के 149 विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी मेडल्स प्रदान किए जाएंगे। दूरस्थ शिक्षा माध्यम से 2018 से 2023 के बीच पासआउट 89 विद्यार्थियों को दूरस्थ शिक्षा कोर्स मेडल प्रदान किए जाएंगे। यूटीडी के केवल मई 2024 पासआउट 1529 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय में गत दीक्षांत समारोह 2017 में हुआ था।