ईद पर छलका पूर्व DGP मोहम्मद मुस्तफा का दर्द, बेटे अकील की मजार पर रो पड़ीं रजिया सुल्तान!

ईद के मौके पर गमजदा दिखा मुस्तफा परिवार। पूर्व मंत्री रजिया सुल्तान ने बेटे अकील अख्तर की कब्र पर पढ़ी फातिहा। जानें पंचकूला में हुई अकील की संदिग्ध मौत और CBI जांच का पूरा अपडेट।

 
CBI Investigation Aqeel Akhtar Case

ईद के मौके पर जहां एक ओर देशभर में खुशियों का माहौल देखने को मिला. वहीं, पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा और पूर्व मंत्री रजिया सुल्तान का परिवार गहरे गम में डूबा नजर आया. ईद के दिन मुस्तफा परिवार सहारनपुर के पैतृक गांव हरड़ा खेड़ी पहुंचा, जहां उन्होंने अपने इकलौते बेटे अकील अख्तर की कब्र पर फातिहा पढ़ी. इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया. बेटे की कब्र पर पहुंचते ही रजिया सुल्तान फफक-फफक कर रो पड़ीं, जबकि मोहम्मद मुस्तफा भी अपने आंसू नहीं रोक सके. परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर मौजूद रहे और सभी ने मिलकर अकील को याद किया.

16 अक्टूबर 2025 की देर रात पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-4 स्थित आवास पर अकील अख्तर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. शुरुआती तौर पर परिजनों ने दवाइयों की ओवरडोज को मौत की वजह बताया था, लेकिन बाद में मामला संदिग्ध बनता चला गया.

इस मामले में बाद में गंभीर आरोपों के तहत केस दर्ज हुआ और जांच सीबीआई को सौंप दी गई. जांच के दौरान अकील के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई, जिनमें कथित तौर पर पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव से जुड़े संकेत सामने आए. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मौत से पहले अकील द्वारा बनाए गए वीडियो का भी जिक्र है, जिसमें उन्होंने परिवार के कुछ सदस्यों पर आरोप लगाए थे. हालांकि परिवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया और अकील को मानसिक रूप से बीमार बताया था.

मोहम्मद मुस्तफा पंजाब पुलिस के पूर्व डीजीपी रह चुके हैं और अपनी सख्त प्रशासनिक छवि के लिए जाने जाते हैं. वहीं रजिया सुल्तान पंजाब की राजनीति का चर्चित चेहरा हैं और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं.

सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट

ईद जैसे खुशियों के त्योहार पर मुस्तफा परिवार का दर्द एक बार फिर सामने आया. सोशल मीडिया पर परिवार की ओर से साझा किए गए संदेश- ऐ ईद, मैं तुझे क्या बताऊं मैंने ऐसे लोग खोए हैं जो मेरी ईद हुआ करते थे. जहां एक ओर ईद का त्योहार खुशियों का प्रतीक बना रहा, वहीं मुस्तफा परिवार के लिए यह दिन अपने इकलौते बेटे की याद में गम और आंसुओं के साथ बीता.