भिवानी में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के कर्मचारी
भिवानी:
हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन (रजि. न. 41) से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की आईबी जुई सिविल और आईबी सोरखी ब्रांचों ने वीरवार को स्थानीय बड़ चौक स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय के समक्ष संयुक्त अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
यह धरना एक्सईन जुई डिवीजन और एक्सईन भिवानी डिवीजन के अधिकारियों के खिलाफ किया गया, जिसमें कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की गई। धरने की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान मोहित कौशिक और प्रमोद राठी ने की, जबकि ब्रांच सचिव जोगिंद्र मास्टर और नीरज ने संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
धरने को संबोधित करते हुए राज्य सह सचिव संदीप सोरखी और जिला सचिव सोमबीर पालवास ने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ा रोष व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित से जुड़े मामलों में जानबूझकर देरी की जा रही है, जिसके कारण कर्मचारियों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों की जायज मांगों को अनदेखा करने और लंबित पड़े लाभों को जारी न करने का आरोप लगाया है। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक यह धरना अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगा।
इस दौरान प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अपने मांग-पत्र में 11 प्रमुख मांगें रखी हैं, जिसमें सभी फील्ड कर्मचारियों को एलटीसी दी जाने, जिन कर्मचारियों के 8, 16 और 24 वर्ष पूरे हो चुके हैं, उनकी एसीपी लगाई जाए और लंबित एसीपी का एरियर दिए जाने, मार्च 2024 में नए बेलदार और चपरासी विभाग में आए थे, उनकी इंक्रीमेंट लगाए जाने और पिछले समय का एरियर दिए जाने, जिन कर्मचारियों ने विभाग से ऋण लिया था और वह ऋण कर्मचारियों के द्वारा क्लियर कर दिया गया है, उनको एनओसी दिए जाने, अमन मेट और कुलदीप कैनाल गाड का इंक्रीमेंट एरियर दिए जाने, जिन कर्मचारियों की जुलाई में इंक्रीमेंट लेट लगी, उनका एरियर दिए जाने, सभी कर्मचारियों के जीआईएस खाते खुलवाए जाने, इंटर हरियाणा पर रिपोर्टिंग अधिकारी बनाया जाए, ताकि कर्मचारी अपनी छुट्टी ऑनलाइन अप्लाई कर सकें। प्रथम बेलदार का लगभग 3 लाख 30 हजार का मेडिकल बिल का समाधान करवाए जाने, जिन फील्ड कर्मचारियों का यात्रा भत्ता बकाया है वह दिए जाने, अमन मेट की बदली भिवानी सब डिवीजन से जुई सब डिवीजन में किए जाने की मांग उठाई।
इस मौके पर जिला उप प्रधान रामशरण कुंडिया, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष बलराज बाली ओला, बीएंडआर ब्रांच प्रधान दशरथ रंगा सहित रामकिशन फौजी, हरीश, अनूप कोटिया, जगदीप फोगाट, प्रीतम, अमित परमार, प्रदीप दलाल, अजय मावर, प्रदीप सांगा, दिनेश, सुरेश, अक्षय, सुनील बवानी खेड़ा, सुशील हिंदुस्तानी इत्यादि सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

