राहुल गांधी हरियाणा-उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग दे रहे
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज (21 जनवरी) हरियाणा दौरे पर हैं। सुबह 10:20 बजे अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर उनका प्लेन लैंड हुआ, जहां कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से कुरुक्षेत्र पहुंचे, जहां वे पंजाबी धर्मशाला में चल रहे 'संगठन सृजन अभियान' के ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे हैं। यहां उन्होंने सबसे पहले हरियाणा और उत्तराखंड के कांग्रेस जिला अध्यक्षों के परिवारों से मुलाकात की। अब राहुल जिला अध्यक्षों को बंद हॉल में ट्रेनिंग दे रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रेनिंग में जिला अध्यक्षों के अलावा किसी नेता को नहीं जाने दिया गया। नेता अलग कमरे में बैठे हैं। धर्मशाला में राव नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा, सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला समेत विधायक और सांसद भी मौजूद हैं। ट्रेनिंग कैंप के बाद राहुल गांधी शाम को कुरुक्षेत्र में ही ब्रह्मसरोवर पर आयोजित आरती में भी शामिल हो सकते हैं। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
राहुल गांधी ने पिछले साल 4 जून को चंडीगढ़ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में 'संगठन सृजन कार्यक्रम' के तहत राज्य के नेताओं और ऑब्जर्वरों की मीटिंग ली थी। उस समय तक हरियाणा में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति नहीं हुई थी। राहुल गांधी ने मीटिंग में कहा था कि संगठन बनाते समय किसी नेता की सिफारिश नहीं चलेगी।
राहुल गांधी के दौरे के बाद 12 अगस्त को कांग्रेस ने 32 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। इसके बाद, 29 सितंबर को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया गया। उदयभान की जगह पूर्व मंत्री राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

