हरियाणा के 5 जिलों में आज बारिश का अलर्ट

 
हरियाणा के 5 जिलों में आज बारिश का अलर्ट

हरियाणा में अगले 4 दिन तक मौसम बदलते रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग केंद्र चंडीगढ़ (IMD) ने 3 से 6 जुलाई जून तक बारिश अनुमान लगाया है।

इसके तहत गुरुवार को 3 जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इनमें अंबाला, यमुनानगर और करनाल शामिल हैं।

वहीं, पंचकूला और कुरुक्षेत्र में गरज चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि, 14 जिलों कैथल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, पलवल, मेवात और फरीदाबाद में बूंदाबांदी की संभावना है। इनमें महेंद्रगढ़ में सुबह-सुबह बारिश हुई है।

वहीं, पंजाब में गुरुवार के लिए कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन हिमाचल के 5 जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। सोमवार-मंगलवार की रात को हिमाचल में बादल फटने से 11 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 34 लोग लापता हैं। यहां 168 घर टूट गए और सड़कें बंद होने से 150 से ज्यादा गांवों का संपर्क टूट गया है। 

अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश हुई चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली मानसूनी हवाएं राज्य की तरफ आने तथा राजस्थान पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से अरब सागर की तरफ से नमी वाली हवाएं आने की संभावना है। इससे हरियाणा में 5 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील रह सकता है। इस दौरान मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की संभावना से राज्य में हवाओं व गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 2025 में अब तक औसतन 85.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। जो सामान्य 60.7 एमएम से काफी ज्यादा है। इस बार मानसून की एंट्री 5 दिन पहले होने के चलते अब तक बारिश सामान्य से अधिक हुई है।

हरियाणा का अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री बढ़ा हरियाणा के अधिकतम तापमान में बुधवार को 2.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, प्रदेश का न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आसपास ही चल रहा है। प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

24 घंटे में बदला तापमान पिछले 24 घंटे के मौसम में हुए बदलाव की बात करें तो प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी अंबाला में 5.3 डिग्री सेल्सियस की दर्ज की गई। इसके बाद अंबाला का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।