हरियाणा के 4 जिलों में बारिश, 7 शहरों में अलर्ट 

 
हरियाणा के 4 जिलों में बारिश, 7 शहरों में अलर्ट 

हरियाणा में मौसम विभाग ने आज (22 जून) पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार सुबह पानीपत में बूंदाबांदी हुई। दोपहर को कैथल, फतेहाबाद और नूंह में बारिश हुई। करनाल, भिवानी, अंबाला, जींद समेत अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं।

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (CCHAU) ने अगले 3 घंटे के लिए 7 जिलों में गरज चमक और हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।

इन जिलों में अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद, हिसार और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है।

उधर, हिमाचल से होते हुए मानसून आज पठानकोट के रास्ते पंजाब में दाखिल हो गया है। इससे अमृतसर और लुधियाना में सुबह से बारिश होती रही।

हिमाचल में शिमला, सिरमौर, लाहौल स्पीति, मनाली, नाहन और कांगड़ा में बारिश हुई। इस दौरान कांगड़ा के शाहपुर में बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय कुमार (46) के रूप में हुई है। वह अपने दो दोस्तों के साथ खेत में काम कर रहा था। कल यहां पूरे प्रदेश में मानसून पहुंच जाएगा।

उधर, मौसम विभाग ने रविवार शाम को जारी किए अलर्ट में हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 22 से 26 जून बारिश होने का अनुमान जताया है। कुछ दिन हल्की और कुछ दिन मध्यम बारिश होने की बात कही गई है। 

3 राज्यों में 5 दिन तक लगातार होगी बारिश मौसम विभाग ने मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें हरियाणा और चंडीगढ़ में 22, 23, 24, 27 और 28 जून को कई स्थानों, 25 और 26 जून को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा पंजाब में 22, 23, 27 और 28 जून को कई स्थानों पर, 24 जून को कुछ स्थानों, जबकि 25 और 26 जून को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

दो तरफ से आ रहीं मानसूनी हवाएं मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून अब हरियाणा से सिर्फ एक हफ्ता दूर है। अनुमान है कि 28 जून के आसपास यह प्रदेश में प्रवेश करेगा। मानसून की हवाएं इस बार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से आ रही हैं। जब दोनों दिशाओं से नमी भरी हवाएं टकराती हैं, तो कई बार भारी बारिश भी होती है। 

हरियाणा के अधिकतम तापमान में शनिवार को 2.5 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।