Rajiv Gandhi Govt Women College Bhiwani: महिला अधिकारों के प्रति सजग और आत्मविश्वासी बनें बेटियां - मीना परमार
प्रत्येक महिला को अपने अधिकारों के प्रति सजग एवं आत्मविश्वासी होना चाहिए: मीना परमार
टैलेंट सर्च कार्यक्रम में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
महिला अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
भिवानी, 13 सितंबर। राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं की प्रतिभाओं को पहचानने एवं उन्हें उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से टैलेंट सर्च कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार मुख्य अतिथि तथा राजकीय महाविद्यालय बोंड कलां, दादरी की प्राचार्या डॉ. श्वेता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. त्रिलोक चंद ने अतिथियों का स्वागत किया।

मीना परमार ने कहा कि प्रत्येक महिला को अपने अधिकारों के प्रति सजग एवं आत्मविश्वासी होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अन्याय, शोषण अथवा उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर हरियाणा राज्य महिला आयोग के समक्ष बिना झिझक शिकायत की जा सकती है।
डॉ. श्वेता ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के लिए प्रेरित किया। वहीं महिला थाना की एसएचओ बबीता ने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में पुलिस की सहायता लेने में संकोच न करें।

कार्यक्रम में हिंदी विभाग की साहित्यिक गतिविधियों, फाइन आर्ट विभाग की कला संबंधी गतिविधियों तथा म्यूजिक विभाग एवं ऑडिटोरियम में नृत्य सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी विविध प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राजेश, डॉ. परमानंद, डॉ. नवीन, आयोजक डॉ. दीपक सोनी व डॉ. ज्योति, कोऑर्डिनेटर डॉ. स्वीता गौड़, अन्य सदस्य डॉ. निखिल, डॉ. अनीता शर्मा, डॉ. नविता, डॉ. ललिता शर्मा एवं समस्त महाविद्यालय परिवार, एसएचओ बबीता, एसआई उर्मिला तथा बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
