पंजाब-हरियाणा में मौसम को लेकर रेड अलर्ट
Jan 4, 2023, 16:22 IST
पंजाब-हरियाणा में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। घनी धुंध के साथ ‘सीवियर कोल्ड वेव’ यानी शीतलहर की चेतावनी दी गई है। दिन व रात के तापमान में भारी गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में अमृतसर, पठानकोट, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा और हरियाणा में अंबाला, हिसार, सिरसा में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की तरफ से जारी चेतावनी व सेटेलाइट इमेज में अमृतसर से लेकर सिरसा तक घना कोहरा दिख रहा है। जो सड़कों पर चलने वाले वाहनों और ट्रेनों के साथ-साथ सामान्य जन-जीवन पर भी असर डालेगा।
- अगले 4-5 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है।
- अगले 3 दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा और उसके बाद पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
- अगले दो दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों में शीत लहर से अति शीत लहर की स्थिति रहने की संभावना है, जबकि 5 से 6 जनवरी के दौरान अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
- अगले 2 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर शीत दिन से अति शीत दिन की स्थिति रहने की संभावना है। इसके बाद 5-6 जनवरी तक शीत दिन की स्थिति रहने की संभावना है।
- अगले 4 दिनों तक पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई स्थानों पर घना कोहरा छाने की संभावना है।
-
अंबाला – हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बीते दिनों अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम था।
हिसार – न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से .9 डिग्री कम था। वहीं बुधवार 10.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9.2 डिग्री कम था।
करनाल – न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से .5 डिग्री कम था।
महेंद्रगढ़- हरियाणा का सबसे ठंडा शहर महेंद्रगढ़ रहा। जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार अधिकतम तापमान भी सबसे अधिक 19.5 डिग्री दर्ज किया गया।