गणतंत्र दिवस: जिला पुलिस द्वारा कड़े और पुख्ता सुरक्षा प्रबंध
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है, जिसे शांति, सौहार्द, अनुशासन एवं गरिमा के साथ मनाना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। इसी उद्देश्य से जिला पुलिस भिवानी द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्वक सम्पन्न करवाने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
दिनांक 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन भीम स्टेडियम, भिवानी में किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा परेड की सलामी लेंगे। समारोह में जिला भिवानी के अनेक गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। गणतंत्र दिवस परेड की कमान डीएसपी अनूप कुमार द्वारा संभाली जाएगी।
गणतंत्र दिवस परेड में जिला पुलिस की प्लाटून, हरियाणा गृह रक्षी की प्लाटून, एन.सी.सी. की प्लाटून तथा स्काउट की प्लाटून भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह के दौरान प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बच्चों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि समारोह को शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए जिला पुलिस द्वारा विशेष एवं पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। समारोह से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, ढाबे, धर्मशालाएं, गेस्ट हाउस तथा अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों की गहनता से जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
गणतंत्र दिवस के दिन भीम स्टेडियम भिवानी एवं उसके आसपास चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बिना सुरक्षा जांच के किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अतिरिक्त पुलिस बल को रिजर्व में तैनात रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
आज गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने सुरक्षा प्रबंधों का स्वयं निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ब्रीफ किया।
जिला पुलिस भिवानी आमजन से अपील करती है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत डायल 112 पर दें। नागरिकों के सहयोग से ही गणतंत्र दिवस को सुरक्षित एवं सफल बनाया जा सकता है।

