रिटायर्ड जेई को हनीट्रैप में फंसा ₹16.60 लाख ठगे
सिरसा में बिजली निगम के रिटायर्ड जेई को हनीट्रैप में फंसाकर 16.60 लाख रुपए ठग लिए गए। ठगी करने वाले गैंग की महिला मेंबर ने पहले रिटायर्ड जेई को अपने प्रेम जाल में फंसाया। फिर उसे घर में मिलने बुलाया और कपड़े उतरवा वीडियो बना ली।
इसी दौरान महिला के गैंग के अन्य सदस्य वहां आ गए और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए की डिमांड की। खुद को फंसा देख पीड़ित ने प्लॉट आदि बेचकर 16.60 लाख रुपए महिला को दे दिए। इसके बाद दोनों में संपर्क टूट गया। इसी दौरान सिरसा पुलिस ने एक दूसरे मामले में महिला और उसके गैंग को पकड़ लिया।
रिटायर्ड जेई ने महिला को पहचान लिया और थाने पहुंचकर अपने साथ ठगी की शिकायत दी। इस पर पुलिस ने गैंग के सदस्य को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाकर पूछताछ की तो ठगी के इस मामले का भी खुलासा हो गया।
बता दें कि पीड़ित रिटायर्ड जेई वर्तमान में शहर की एक नामी संस्था के प्रधान भी हैं।

