रेवाड़ी: शिक्षक की प्रताड़ना से तंग आकर 11वीं के छात्र ने दी जान
रेवाड़ी के धवाना गांव में 15 वर्षीय छात्र जतिन ने की आत्महत्या। परिजनों का आरोप- इतिहास के शिक्षक ने की थी मारपीट और प्रताड़ित। पुलिस जांच में जुटी।
रेवाड़ी: धवाना गांव स्थित सरकारी स्कूल के शिक्षक की कथित प्रताड़ना और बदसलूकी से तंग आकर 11वीं कक्षा के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली. मृतक छात्र की पहचान 15 वर्षीय जतिन के रूप में हुई है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और रोष का माहौल है.
शिक्षक पर प्रताड़ना का आरोप: परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, जतिन रोजाना की तरह मंगलवार को भी जतिन स्कूल गया था. स्कूल में इतिहास (History) के एक शिक्षक ने किसी बात को लेकर जतिन के साथ मारपीट की और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. शिक्षक की इस बदसलूकी और सरेआम हुए अपमान से जतिन बेहद आहत और मानसिक तनाव में आ गया. जब जतिन स्कूल से घर वापस लौटा, तो वो काफी परेशान था.
नाबालिग छात्र ने की खुदकुशी: उसने अपनी मां और भाई-बहन को स्कूल में शिक्षक द्वारा की गई बदसलूकी और मारपीट की पूरी कहानी रोते हुए बताई. इसके बाद वो चुपचाप घर की ऊपरी मंजिल पर बने अपने कमरे में चला गया. काफी देर तक जब जतिन कमरे से नीचे नहीं उतरा, तो भाई-बहन उसे देखने के लिए ऊपर गए. कमरे का दरवाजा खोलने पर उनके होश उड़ गए. जतिन आत्महत्या कर चुका था. आनन-फानन में परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पिता की पहले हो चुकी मौत, परिवार का अकेला सहारा था जतिन: जतिन के पिता एक निजी कंपनी में काम करते थे, जिनका पहले ही देहांत हो चुका है. पिता के जाने के बाद जतिन ही घर का सबसे बड़ा बेटा था, जिस पर पूरे परिवार की उम्मीदें टिकी थीं. जतिन के परिवार में अब उसकी मां, तीन छोटे भाई और एक बहन हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: खोल थाना प्रभारी गजराज सिंह ने बताया है कि "सूचना मिली कि एक 11वीं कक्षा के छात्र ने अपने घर में सुसाइड कर लिया. सूचना मिलती है हमारी टीम मौके पर पहुंची और अभी स्कूल टीचर से पूछताछ जारी है."

