Rohit Dalal Jan Sampark Abhiyan: लोहारू क्षेत्र के विकास को लेकर प्रतिबद्ध हैं जेपी दलाल परिवार, बहल में जुटेगी भीड़

पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल के सुपुत्र रोहित दलाल ने बहल क्षेत्र के गांवों में जनसंपर्क किया और 4 अक्टूबर के अभिनंदन समारोह का न्योता दिया।

 
BJP Abhinandan Samaroh Bahal

पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल के सुपुत्र रोहित दलाल ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से किया जनसंपर्क

4 अक्टूबर को बहल अनाज मंडी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अभिनंदन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का किया आह्वान

जीवन भर लोहारू क्षेत्र की लोगों की सेवा व क्षेत्र का विकास मेरा और मेरे पिता का मिशन: रोहित दलाल

बहल, 29 सितंबर। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल के सुपुत्र रोहित दलाल ने मंगलवार को अपने जनसंपर्क अभियान के तहत बहल क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। उन्होंने ढाणी गुजरान, शहरयारपुर, सलेमपुर, सिधनवा, हरियावास, गोपालवास, कासनी कलां, कासनी खुर्द, गोकलपुरा, ढाणी बहल, मंढोली कलां सहित अनेक गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

इस दौरान रोहित दलाल ने कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को 4 अक्टूबर को बहल की अनाज मंडी में आयोजित होने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अभिनंदन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं एवं आमजन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इसे सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

रोहित दलाल ने कहा कि पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल लोहारू क्षेत्र को अपना परिवार मानते हैं और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनके कार्यकाल के दौरान लोहारू हलके में अनेक विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिली तथा विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करवाने के लिए बजट की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लगातार संपर्क में रहते हैं और लोहारू हलके की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने का आग्रह करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

भाजपा को कार्यकर्ताओं का सम्मान करने वाली लोकतांत्रिक पार्टी बताते हुए रोहित दलाल ने कहा कि पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरा सम्मान दिया जाता है। भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण से मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

रोहित दलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसान, युवा, महिला, श्रमिक तथा जरूरतमंद वर्गों के हित में अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोहारू हलके में विकास परियोजनाओं के लिए बजट की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी अब लोहारू क्षेत्र में रहकर लोगों की सेवा करने तथा उनके सुख-दुख में सहभागी बनने के लिए निरंतर उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति के माध्यम से क्षेत्र की जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना और उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए प्रयास करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।

जनसंपर्क अभियान के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने रोहित दलाल का स्वागत किया और 4 अक्टूबर को बहल अनाज मंडी में आयोजित अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान अनेक पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता , जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।