रोहतक रैली पिछे के सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी : अभय चौटाला
भिवानी :
इनेलो ने अपनी राजनीतिक गतिविधियों को तेज करते हुए शनिवार को कस्बा बवानीखेड़ा की बाबा कमाल धर्मशाला में एक कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया।
इस सम्मेलन में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए और बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता इनेलो बवानीखेड़ा हल्का प्रधान कृष्ण मिताथल ने की।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आगामी 25 सितंबर को पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती के अवसर पर रोहतक की अनाज मंडी में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और उन्हें न्योता देना था। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करें। इस दौरान इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कार्यकर्ताओं को पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती पर रोहतक में होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचने का निमंत्रण भी दिया।
इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने कहा कि वो 51 हलकों की मीटिंग ले चुके हैं और 8 सितंबर तक प्रदेश के हर हलके को कवर कर लेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों में देवीलाल जयंती को लेकर बड़ा जोश हैं। ऐसे में रोहतक रैली अभी तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी।
अपने संबोधन के दौरान अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार आमजन की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी मुश्किलें बढ़ा रही है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि इनेलो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो किसानों, मजदूरों और कमेरे वर्ग के हितों की सच्ची लड़ाई लड़ रही है।
चौटाला ने कहा कि अब लोग के सामने कांग्रेस का असली चेहरा आ चुका है कि कौन भाजपा की बी टीम के रूप में काम करता है। वहीं जेजेपी ने भी लोगों से जो विश्वासघात किया, उसके भी सबूत सामने आ चुके हैं। अभय ने कहा कि लोग भाजपा से परेशान हैं। ऐसे में अगली सरकार इनेलो की होगी। वहीं वोट चोरी के मुद्दे पर अभय चौटाला ने पूर्व सीएम एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेन्द्र हुड्डा पर जमकर कटाक्ष किए। अभय ने आरोप लगाया कि सबसे बड़ी वोट चोरी करना हुड्डा से ज़्यादा कोई नहीं जानता। हुड्डा ने पहले राज्यसभा में स्याही बदल कर और अब उचाना में कांग्रेस उम्मीदवार रहे बृजेंद्र को हरवा कर वोट चोरी की। उन्होंने कहा कि खुद वोट चोरी करने वाले चोरी चोरी चिल्ला रहे हैं।
इसके साथ ही हरियाणा में बेकाबू कानून व्यवस्था पर अभय चौटाला ने सीएम नायब सैनी पर खूब बरसे। अभय ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था का दिवालिया पीट चुका है। वहीं सीएम द्वारा पुलिस को फ्री हैंड करने को लेकर कहा कि अभी एक साल तक सीएम सो रहे थे क्या। प्रदेश का नाश करके अब पुलिस को फ्री हैंड करने की बात कह कर बचना चाहते हैं। अभय ने कहा कि नायब सैनी को लोगों ने सीएम खुद की और सामाजिक सुरक्षा को लेकर बनाया था।
इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में इनेलो की जरूरत है, क्योंकि भाजपा और अन्य दल जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करें और लोगों को इनेलो से जोड़ें।
इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव सुनील लांबा, जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु, अशोक मैनेजर, सूरजभान एसडीओ, संजय नंबरदार, संजय पार्षद, निशांत ढ़ांडा, इंदु परमार, प्रवीण जांगड़ा, अंकित मिताथल, राहुल धनाना, संदीप घणघस, जगदीश कुंगड़, भूपेंद्र कोच, मुखत्यार नाई, अजीत बड़ेसरा, भूपेंद्र कोच, लीला घुसकानी, ढि़ल्लू श्योराण, दिलबाग चेयरमैन, शिव चरण, सुभाष धानक, शारदा मिश्रा, राजेंद्र सूबेदार मिताथल सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

