रोहतक के सेक्टर 3 में विकसित की जाएगी स्मार्ट मार्केट :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

प्रस्तावित स्मार्ट मार्केट को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
 
Sector-3 Rohtak Shopping Complex Plan
जस्ट इंडिया न्यूज़,रोहतक
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि शहर के सेक्टर-3 क्षेत्र में प्रस्तावित मार्केट को आधुनिक शहरी आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में योजना तैयार की जा रही है। प्रस्तावित मार्केट को लेकर उपायुक्त ने आज अपने कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर निगम के अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार विमर्श किया।
    बैठक में सचिन गुप्ता ने कहा कि इस मार्केट को व्यवस्थित एवं सुव्यवस्थित ढंग से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना इसका मुख्य उद्देश्य है। उपायुक्त ने कहा कि प्रस्तावित सेक्टर-3 मार्केट में स्पेस का उचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए दुकानों एवं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ-साथ नागरिकों की सुविधा के लिए पार्किंग एरिया का प्रावधान किया जाएगा ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सडक़ पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।
    सचिन गुप्ता ने कहा कि योजना के अंतर्गत मार्केट परिसर में हरित क्षेत्र (ग्रीन एरिया) विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ एवं सुखद वातावरण मिल सके। इसके अलावा नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था (सिटिंग एरिया) भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बाजार में आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट्स स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। वहीं, मार्केट क्षेत्र की बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सडक़ एवं पेवमेंट को मजबूती व गुणवत्ता के साथ विकसित किया जाएगा। 
    उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि नगर की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने हेतु सेवाओं एवं ड्रेनेज के लिए डक्ट्स तैयार किए जाएंगे ताकि बिजली, टेलीकॉम व अन्य सेवाओं की लाइनें व्यवस्थित ढंग से संचालित हों और जल निकासी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे। मार्केट क्षेत्र को सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने के लिए स्ट्रीट लाइट्स, स्मार्ट गजेबो/स्मार्ट बेंच, तथा नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने हेतु एटीएम, जिम, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और उचित संकेत चिन्ह जैसी व्यवस्थाएं प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त, पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए फुटपाथ का निर्माण तथा मनोरंजन व सौंदर्यीकरण के लिए फव्वारा (फाउंटेन) एवं बच्चों के लिए प्ले एरिया विकसित करने की योजना भी शामिल है। 
    सचिन गुप्ता ने कहा कि प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यह मार्केट आधुनिक शहरी विकास के मानकों के अनुरूप बने और नागरिकों को एक सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित व सुविधा सम्पन्न बाजार उपलब्ध हो सके। बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।