संपत सिंह को जॉइनिंग के बाद INLD में संरक्षक बनाया

 
संपत सिंह को जॉइनिंग के बाद INLD में संरक्षक बनाया

हरियाणा के पूर्व मंत्री संपत सिंह बुधवार को अपने बेटे गौरव संपत सिंह के साथ इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) में शामिल हो गए।

चंडीगढ़ में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने उनका स्वागत किया। पार्टी में जॉइन करने के साथ ही संपत सिंह को इनेलो में राष्ट्रीय संरक्षक बनाया गया। है। INLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने खुद इसका ऐलान किया।

अभय ने प्रोफेसर संपत सिंह के फैसले को सही बताया, उनका पार्टी में स्वागत किया। संपत सिंह के बेटे गौरव संपत सिंह को यूथ में जिम्मेदारी देने का वादा अभय चौटाला ने किया। अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि इनेलो से वरिष्ठ नेताओं को दूर करने में जजपा प्रमुख अजय चौटाला जिम्मेवार हैं।

संपत सिंह 16 साल पहले 2009 में इनेलो छोड़ कांग्रेस में गए थे। 3 नवंबर को संपत सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना इस्तीफा भेजा था। तब उन्होंने कहा था कि अब मैं चैन की नींद सोऊंगा।

इसके बाद उनके बेटे गौरव सिंह ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा था- "थारी कांग्रेस, थानै मुबारक।"

संपत सिंह को मनाने के लिए सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने फोन भी किया, लेकिन संपत सिंह ने दोटूक कहा कि मेरी उनसे कोई नाराजगी नहीं है, अब मैं मन बना चुका हूं।

संपत सिंह ने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत इनेलो से की थी। कुछ भावनात्मक कारणों से मैंने पार्टी छोड़ी थी।