संजय दत्त बने हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी, संगठन में बड़ा फेरबदल
चंडीगढ़: कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। संजय दत्त हाल ही में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नियुक्त हुए बीके हरिप्रसाद की जगह लेंगे। संजय दत्त काफी लंबे समय से मध्य प्रदेश में सांगठनिक रूप से सक्रिय रहे हैं। यहां उन्होंने संगठन को मजबूत करने और अलग-अलग राजनीतिक गतिविधियों के समन्वय में बेहद अहम भूमिका निभाई थी। आइए उनके बारे में जानते हैं-
कौन हैं हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी संजय दत्त?
संजय दत्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है। संजय दत्त अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव हैं। इसके अलावा वह मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के सह-प्रभारी और सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने मध्य प्रदेश के अलावा तमिलनाडु के सह-प्रभारी के रूप में भी बड़ी जिम्मेदारी निभाई है।
महाराष्ट्र से पूर्व एमएलसी MLC रहे संजय दत्त
संजय दत्त महाराष्ट्र से पूर्व एमएलसी (MLC) रह चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव की जिम्मेदारी भी निभाई है। फिलहाल उन्हें पार्टी ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी बनाया है।
संजय दत्त के सामने नई चुनौतियां क्या?
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी के रूप में संजय दत्त के सामने कई चुनौतियां हैं। पार्टी को एकजुट करने और गुटबाजी को खत्म करने पर उनका खास फोकस रहेगा। इसके अलावा हरियाणा में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर भी बड़ी प्लानिंग करनी होगी। ताकि कांग्रेस हरियाणा में अपने कोर वोटर तक पहुंच बना सके।
कांग्रेस ने यूपी और ओडिशा के प्रभारी भी नियुक्त किए
कांग्रेस ने हरियाणा के अलावा यूपी और ओडिशा में भी नए प्रभारी बनाए हैं। राजेंद्र पाल गौतम को अविनाश पांडे के स्थान पर उत्तर प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक वह कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित है। अजय कुमार लल्लू को ओडिशा प्रभारी की जिम्मेदारी से मुक्त किया गया है। श्रीनिवास को लालजी देसाई के स्थान पर सेवा दल का प्रमुख बनाया गया है।

