एससी मोर्चा को बूथ स्तर पर किया जाएगा मजबूत : विरेंद्र कौशिक 

 
एससी मोर्चा को बूथ स्तर पर किया जाएगा मजबूत : विरेंद्र कौशिक 

भिवानी :

स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने शिरकत की, जबकि बैठक की अध्यक्षता एससी मोर्चा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष अशोक बिड़लान द्वारा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की अंत्योदय की नीति में अनुसूचित जाति समाज का स्थान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन की सरकार ने अनुसूचित जाति  और पिछड़ों को केवल वोट बैंक नहीं समझा, बल्कि उन्हें सम्मान और सशक्तिकरण दिया है।

आज डॉ. बीआर अंबेडकर के सपनों को भाजपा सरकार ही धरातल पर उतार रही है। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही बूथ स्तर पर एससी मोर्चा की कमेटियों को और अधिक सक्रिय बनाने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल केवल भ्रम फैलाकर समाज को बांटने का काम करते हैं, जबकि भाजपा विकास और एकता में विश्वास रखती है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे कार्यकारी जिला अध्यक्ष अशोक बिड़लान ने मोर्चा की आगामी गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि एससी मोर्चा का एक-एक कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान भाजपा एससी मोर्चा की जिला कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया, जिसमें उपाध्यक्ष संजय सिंगीकाट, अधिवक्ता जयमल सिंह, कर्मवीर दहिया, मांगेराम बुंदेला को, महामंत्री कपूर लडवाल बामला, महामंत्री सुरेंद्र लांग्यान को तथा आईटी प्रमुख प्रदीप किराड़ को नियुक्त किया गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, रविंद्र बापोड़ा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।