दूसरे की जमीन पर केसीसी कर धोखाधड़ी मामले में दूसरे आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा आम नागरिकों से धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए जिला अनुसंधान इकाई ने उक्त मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता प्रदीप निवासी गांव बडदु मुगल ने थाना सदर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वर्ष 2018 में उसकी जमीन पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर आरोपी द्वारा गांव हालुवास स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक से ₹ 19,97,000 का केसीसी लोन लिया गया। शिकायत के आधार पर थाना सदर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
दिनांक 28 अप्रैल 2026 को प्रभावी कार्रवाई करते हुए जिला अनुसंधान इकाई के उप निरीक्षक सज्जन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बूंदी राम पुत्र जुगलाल निवासी गांव धिराना कलां, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी बूंदी राम ने मुख्य आरोपी प्रदीप के गवाह के रूप में लोन फार्म पर हस्ताक्षर किए थे। उल्लेखनीय है कि इस मामले में बैंक मैनेजर सतीश को पुलिस टीम द्वारा पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

