कॉमनवेल्थ पदक विजेता सीमा कालीरामन का भिवानी में भव्य स्वागत, खुशी में झूम उठा पूरा शहर
 

सीमा कालीरामन बोलीं – अब भिवानी में बॉक्सिंग के साथ एथलेटिक्स का भी बढ़ेगा क्रेज़
 
 
हरियाणा स्पोर्ट्स न्यूज

'मुझसे प्रेरित होकर खेलों में आएं बच्चे' – सीमा कालीरामन का युवाओं को प्रेरणादायक संदेश

11 महीने के बेटे को छोड़कर की तैयारी, परिवार के सहयोग से जीता कॉमनवेल्थ ब्रॉन्ज

'संघर्ष के बिना सफलता नहीं' – चोट, आर्थिक चुनौतियों और मेहनत पर खुलकर बोलीं सीमा

कोच रविंदर का बड़ा ऐलान – अब एशियन गेम्स और एल.ए. ओलंपिक पर रहेगा पूरा फोकस

महिला एथलेटिक्स में भारत का इकलौता पदक, सीमा कालीरामन की ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतने वाली भिवानी की बेटी सीमा कालीरामन का अपने गृह जिले में भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयघोष के बीच सीमा का अभिनंदन हुआ। इस दौरान सीमा ने अपनी सफलता, संघर्ष, परिवार के सहयोग और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर खुलकर बातचीत की।

भिवानी पहुंचने पर सीमा कालीरामन ने कहा कि जिस तरह लोगों ने उनका स्वागत किया है, उसे देखकर वह बेहद भावुक हैं। उन्होंने कहा कि केवल जान-पहचान के लोग ही नहीं, बल्कि पूरा शहर और पूरा देश उनकी इस उपलब्धि से खुश है।

सीमा कालीरामन "बहुत खुशी का माहौल है। जितने भी जान-पहचान के और ना जान-पहचान के लोग हैं, सभी बहुत खुश हैं। पूरे देश को खुशी हुई है। यह सब देखकर मन बहुत प्रफुल्लित होता है।"

सीमा ने कहा कि अब तक भिवानी की पहचान बॉक्सिंग के लिए रही है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि उनके पदक के बाद एथलेटिक्स और खासकर डिस्कस थ्रो के प्रति भी युवाओं का रुझान बढ़ेगा।

सीमा कालीरामन ने कहा कि "पहले भिवानी में बॉक्सिंग का क्रेज था, लेकिन अब डिस्कस में मेडल आया है तो उम्मीद है कि एथलेटिक्स का भी क्रेज देखने को मिलेगा।"

सीमा का कहना है कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा यही है कि आने वाले समय में नई पीढ़ी उनसे प्रेरणा लेकर खेलों में आगे बढ़े और देश के लिए पदक जीते।

 सीमा कालीरामन ने कहा कि "कोशिश यही रहती है कि मुझसे प्रेरित होकर बच्चे डिस्कस थ्रो में आएं और अच्छा करें। आगे चलकर अगर कोई खिलाड़ी कहे कि मैं सीमा दीदी से प्रेरित होकर खेल में आई हूं, तो इससे बड़ी खुशी मेरे लिए नहीं होगी।"

अपनी सफलता के पीछे के संघर्ष को याद करते हुए सीमा ने कहा कि हर खिलाड़ी के जीवन में कठिनाइयाँ आती हैं। चोट, आर्थिक समस्याएँ और कई चुनौतियाँ होती हैं, लेकिन मेहनत और धैर्य ही सफलता दिलाते हैं।

सीमा कालीरामन "हर खिलाड़ी के जीवन में संघर्ष होता है। कभी इंजरी आती है, कभी आर्थिक परेशानियाँ होती हैं। खिलाड़ी का जीवन कभी आसान नहीं होता। जो संघर्ष से ऊपर उठकर मेहनत करता है, उसी को उसका फल मिलता है।"

सीमा ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार को देते हुए कहा कि उनके बेटे को मात्र 11 महीने की उम्र में परिवार के भरोसे छोड़कर उन्हें अभ्यास के लिए जाना पड़ा। परिवार के सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।

सीमा कालीरामन
"मेरे परिवार का पूरा सहयोग रहा। बेटे को 11 महीने की उम्र में घर पर छोड़ना पड़ा। वह नाना-नानी और दादा-दादी के पास रहा। परिवार के इसी सहयोग की वजह से मैं आज यहां तक पहुंची हूं।" वहीं सीमा के कोच रविंदर ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला एथलेटिक्स में भारत को मिला यह एकमात्र पदक है, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

कोच रविंदर "महिला एथलेटिक्स में भारत का केवल एक ही पदक आया है और वह सीमा का है। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है और पूरे उत्साह के साथ इसका जश्न मनाया जा रहा है।"

कोच रविंदर ने बताया कि अब पूरा फोकस आगामी एशियन गेम्स और उसके बाद लॉस एंजिलिस ओलंपिक की तैयारियों पर रहेगा।

पति एवं कोच रविंदर
"अब हमारा अगला लक्ष्य एशियन गेम्स है। उसके बाद एल.ए. ओलंपिक की तैयारी जारी रहेगी। यह उपलब्धि ओलंपिक की दिशा में एक मजबूत शुरुआत है।"