16 से 30 अप्रैल तक कर सकते हैं स्वगणना: ललित जैन
भिवानी।
भारत सरकार द्वारा की जा रही जनगणना-2027 के लिए नागरिक घर बैठे ही स्वजनणना कर सकते हैं। इसके लिए पोर्टल सेनसेसइंडियाडोटजीओवीडोटइन 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक खुला रहेगा। स्वगणना को लेकर प्रदेश में जनगणना ऑप्रेशन के निदेशक ललित जैन ने वीसी के माध्यम से जरूरी निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि डिजिटल जनगणना 2027 के स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण करने की स्टेप-टू-स्टेप प्रक्रिया में सबसे पहले आधिकारिक सेनसेसइंडियाडोटजीओवीडोटइन पोर्टल पर जाएं या मोबाइल ऐप डाउनलोड करें। मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के लिए अपना सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करें।
आपके नंबर पर एक वन टाइम पासवर्ड आएगा, उसे भरकर वेरीफिकेशन पूरा करें। प्रारंभिक जानकारी में परिवार के मुखिया का नाम चुनें, अपना राज्य (हरियाणा), जिला और तहसील सिलेक्ट करें, यूजर आईडी और पासवर्ड वेरिफिकेशन के बाद, आपको एसएमएस के जरिए एक यूर्जर आइडी और पासवर्ड मिलेगा। इसका उपयोग करके पोर्टल पर लॉगिन करें। उन्होंने बताया कि एक मोबाईल से एक परिवार की ही जानकारी दी जा सकती है।
जैन ने निर्देश दिए कि स्वगणना के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए। विशेषकर विद्यार्थियों को स्वगणना की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को भी स्वगणना के लिए जागरूक किया जाएगा, इसके लिए मुख्यालय से प्रचार-प्रसार सामग्री भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी, कर्मचारी स्वयं के साथ-सथ उनके संपर्क के लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक करें।
उन्होंने बताया कि स्वगणना के बाद प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी हासिल करेंगे।
आपके द्वारा की गई स्वगणना की जानकारी प्रगणक को दें और यदि कहीं सही जानकारी नही दी गई है तो उसके संसोधन किया जा सकता है। डिजिटल जनगणना का पहला चरण (मकान सूचीकरण और आवास गणना) एक से 30 मई 2026 तक चलेगा। वीसी जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान और जनगणना विभाग से कर्मचारी मौजूद रहे।

