Sewa Sankalp Abhiyan Bhiwani: भिवानी में 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
सेवा संकल्प अभियान में पात्र लोगों को दिया जाएगा योजनाओं का लाभ: डीसी
जिला प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायतों, युवाओं तथा आमजन की होगी भागीदारी
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय, ब्लॉक व उपमंडल स्तर पर आयोजित होंगे विशेष शिविर
भिवानी, 10 सितंबर। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में सेवा संकल्प अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा सरकारी सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय, ब्लॉक व उपमंडल स्तर पर विशेष शिविर आयोजित होंगे। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक डॉ. आदित्य दहिया प्रदेशभर के जिलाधिकारियों को इस अभियान की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

बैठक के दौरान डीसी ने सेवा संकल्प अभियान में लिए गए 14 मॉड्यूल के सफल क्रियान्वयन को लेकर विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के तहत जिला प्रशासन, विभागों, शिक्षण संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों, युवाओं तथा आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान की गतिविधियां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने पर भी केंद्रित रहेंगी।
डीसी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित 14 प्रमुख मॉड्यूल बनाए गए हैं। सरकार के निर्देशानुसार इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद के दीये जलाने से की जाएगी, जिसमें विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल होंगे। इसके अलावा मेरे सपनों का भारत - चित्र सेवा, अनकही कहानियां, आंगन मितन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज, सुशासन सेवा संवाद अभियान शामिल हैं।

डीसी ने बताया कि इस अभियान के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं को अपनाकर अपना जीवन स्तर ऊंचा उठाने वाले लोगों की कहानियों को प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन के बीच पहुंचाने का काम किया जाएगा। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य रहेगा कि अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। अभियान के दौरान जागरूकता को लेकर रोड़ सेफ्टी, नशामुक्ति, साइबर क्राईम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आदि विषयों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। डीसी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करेंगे। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
इस दौरान एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम भिवानी महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, लोहारू एसडीएम मनोज दलाल, तोशाम एसडीएम संदीप कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. धीरज परिहार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी के एसई सुनील रंगा, बिजली निगम के एसई जितेंद्र ढुल, जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा, डीआईओ अमित लांबा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।