मज़बूत, निर्णायक और दूरदर्शी सोच की महिला थी स्व. इंदिरा गांधी : सुमित बराड़
भिवानी :
एनएसयूआई भिवानी इकाई ने बुधवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री आयरन लेडी इंदिरा गांधी एवं झांकी रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर स्थानीय सीबीएलयू के ओल्ड कैंपस में एक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में छात्रों और कार्यकर्ताओं ने बड़े उत्साह से भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष मंजीत लांगायन ने देश की दो महान महिलाओं झांसी की रानी और इंदिरा गांधी के साहस और नेतृत्व को याद किया।
मंजीत लांगायन ने कहा कि इंदिरा गांधी और झांसी की रानी दोनों ने यह साबित कर दिया कि जब कोई महिला खड़ी होती है, तो इतिहास बदल जाता है। उन्होंने बताया कि एक तरफ झांसी की रानी ने उस दौर में लड़ाई लड़ी, जब लड़कियों को घर से बाहर निकलने तक की इजाज़त नहीं थी और दूसरी तरफ इंदिरा गांधी ने उस समय देश का नेतृत्व किया, जब राजनीति पुरुषों का वर्चस्व वाला क्षेत्र मानी जाती थी।
उन्होंने आज की लड़कियों की सराहना करते हुए कहा कि उनमें वही हिम्मत है जो झांसी की रानी में थी और वही नेतृत्व है जो इंदिरा गांधी में था। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि लड़कियां किसी से कम नहीं हैं और जब वे अपने हक के लिए खड़ी होती हैं तो बदलाव निश्चित है। इस मौके पर एनएसयूआई छात्र नेता सुमित बराड़ ने कहा कि एनएसयूआई हमेशा से छात्रों की आवाज़ बनकर खड़ी रही है।
उन्होंने इंदिरा गांधी को सिर्फ भारत की प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि एक ऐसी नेता बताया, जिन्होंने पूरी दुनिया को यह दिखाया कि एक महिला कितनी मज़बूत, कितनी निर्णायक और कितना दूर तक सोचने वाली हो सकती है। प्रिया मालिक ने कार्यक्रम में लड़कियों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि जब लड़कियां किसी अभियान में जुड़ती हैं, तो उसका असर कई गुना बढ़ जाता है और आज का पौधारोपण कार्यक्रम इसी सकारात्मक बदलाव का उदाहरण है। इस अवसर पर दीपक देशवाल, रवि जताई, मनोज ग्रेवाल, युवराज बराड़, धीरज टिकानिया, रविदास, संजना, मिक्कू रांगा, मंजू, कविता, ममता, सविता, ललिता, और कोमल मौजूद रहीं। सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

