Agrawal Samaj Bhiwani Vivah Prakosth: विवाह योग्य युवाओं के लिए मददगार बना श्री अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ, समीक्षा बैठक में लिए बड़े फैसले

भिवानी में श्री अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ विवाह योग्य युवक-युवतियों के रिश्ते तय कराने में वरदान साबित हो रहा है। समीक्षा बैठक में अब तक 4 रिश्ते तय होने की दी गई जानकारी।
 
कमला भवन भिवानी विवाह प्रकोष्ठ

अग्रवाल समाज की पहल : श्रीअग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ युवक-युवतियों के लिए बना राह आसान


श्री अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक आयोजित, अब तक के कार्यो पर की गई विस्तृत चर्चा 


समाज हित के लिए प्रत्येक सक्षम नागरिक को निकालना चाहिए कुछ समय : अध्यक्ष रामदेव तायल 


भिवानी, 21 अगस्त : अग्रवाल समाज में विवाह योग्य युवक-युवतियों के वैवाहिक संबंध तय करने में आ रही समस्याओं के स्थायी समाधान और समाज बंधुओं को एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित श्री अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ समाज के लिए एक वरदान साबित हो रहा है। समाज के विशिष्ट लोगों द्वारा एक जुलाई को स्थानीय कमला भवन में शुरू किए गए इस प्रकोष्ठ ने अपने अल्प समय के कार्यकाल में ही उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। शुक्रवार को स्थानीय कमला भवन स्थित स्थायी कार्यालय में प्रकोष्ठ के सदस्यों की एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन प्रकोष्ठ के मंत्री सुरेंद्र जैन एडवोकेट ने किया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी सम्मानित सदस्यों का शब्दों के माध्यम से गर्मजोशी से स्वागत किया और अब तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। 
   

 समीक्षा बैठक के दौरान प्रकोष्ठ के सह-संयोजक नरेश बंसल ने बताया कि प्रकोष्ठ की स्थापना के बाद से ही समाज बंधुओं का भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार का दिन छोडक़र प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक कमला भवन स्थित कार्यालय में प्रकोष्ठ की गतिविधियां सुचारू रूप से चलाई जा रही हैं। बहुत ही कम समय में सैकड़ों युवक-युवतियों के बायोडाटा कार्यालय में आ चुके हैं। प्रकोष्ठ के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और समाजसेवियों के सामूहिक प्रयासों से अब तक 4 लडक़ों और 4 लड़कियों के रिश्ते सफलतापूर्वक तय हो चुके हैं, जो इस प्रकोष्ठ की एक बहुत बड़ी विशेष उपलब्धि है। 
      

प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामदेव तायल एवं संयोजक दीपक गर्ग ने कहा कि समाज के जो नागरिक सक्षम हैं, उन्हें इस सामाजिक एवं पुनीत कार्य में अपना कुछ समय निरंतर निकालना चाहिए। समाज के लोग कमला भवन आकर बायोडाटा का अवलोकन करें तथा सही तालमेल बैठाकर लडक़ा व लडक़ी पक्ष को समझाकर रिश्ते पक्के करवाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाएं। समाज का सहयोग ही इस पहल को और ऊंचाइयों पर ले जाएगा। बैठक में एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने तय किया कि समाज में जिन युवक-युवतियों की उम्र अधिक हो चुकी है और किसी कारणवश उनका विवाह नहीं हो पा रहा है, उनके लिए एक विशेष प्रतिनिधिमंडल गठित किया जाएगा। यह प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही ऐसे युवाओं के अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेगा और उनके बच्चों के शीघ्र विवाह हेतु हर संभव सहायता व मार्गदर्शन प्रदान करेगा। 
     

इस कार्य में विशेष सहयोग देने वाले वरिष्ठ समाजसेवियों नरेश गर्ग ढिगावा, सुरेश बंसल, नरेश मित्तल आदि का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर रामदेव तायल, सुरेंद्र जैन, सुंदरलाल अग्रवाल, दीपक गर्ग, नरेश बंसल, सुभाष जैन, मनोज रामपुरिया, नत्थुराम केडिया, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, सुरेश बंसल, विजय किशन अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, नरेश मित्तल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।