Janmashtami 2026 Bhiwani News: दादरी गेट स्थित प्रणामी आश्रम में एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, तैयारी पूरी

भिवानी के श्री कृष्ण प्रणामी आश्रम में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव। वृंदावन के कलाकारों की झांकियां और नृत्य प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण।
 
Sanskar Bharti Bhiwani

श्री कृष्ण प्रणामी आश्रम में भव्य रूप से मनाई जाएगी जन्माष्टमी, वृंदावन के कलाकारों की झांकियां और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता रहेगी मुख्य आकर्षण

भिवानी, 02 सितंबर : स्थानीय दादरी गेट स्थित श्री कृष्ण प्रणामी आश्रम में इस वर्ष श्री कृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व अत्यंत भव्य और दिव्य रूप से मनाया जाएगा। आश्रम को वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की तर्ज पर आकर्षक विद्युत लडिय़ों और फूलों से सजाया जा रहा है। आयोजन को लेकर भक्तों और आश्रम प्रबंधन में भारी उत्साह है। इस पावन अवसर पर लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

श्री कृष्ण प्रणामी आश्रम के राष्ट्रीय प्रवक्ता डा. मुरलीधर शास्त्री ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि जन्माष्टमी का पर्व हमारे लिए केवल एक उत्सव नहीं बल्कि आस्था और भक्ति का महासंगम है। इस बार आश्रम में आने वाले भक्तों को अलौकिक अनुभूति होगी। पूरे आश्रम परिसर को भव्य रोशनी से सजाया जा रहा है। वृंदावन से पधारे विशेष कलाकार भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं, रासलीला और मनमोहक नृत्य-झांकियों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4 बजे से होगा, जो मध्यरात्रि 12 बजे भगवान के जन्मोत्सव, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार, महाआरती और भव्य प्रसाद वितरण के साथ संपन्न होगा। इस दौरान श्रीकृष्ण कृपा जीओ गीता समिति द्वारा गीता पाठ का भी आयोजन किया जाएगा। 

कला एवं साहित्य की संस्था संस्कार भारती की भिवानी इकाई द्वारा 4 सितंबर को भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं पर आधारित समूह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में शहर एवं आस-पास के विभिन्न विद्यालयों से 18 प्रतिभागी टीमें भाग लेंगी और अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम परमहंस संत शिरोमणि स्वामी डा. सदानन्द महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित होगा। इस धार्मिक व सांस्कृतिक महोत्सव में विधायक घनश्याम सर्राफ बतौर मुख्यअतिथि शिरकत करेंगे। वही विशिष्ट अतिथि के तौर पर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़, उद्योगपति रामचन्द्र मित्तल, नरेश आहूजा, डा. कपिल शर्मा, सचिन जैन, सुरेश केडिया, डा. कपिल बंसल, प्रवीण शर्मा एवं पुलकित सिंगला पहुंचेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रेमप्रकाश अग्रवाल की रहेगी।