श्रीमहावीर जैन स्कूल धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
भिवानी:
स्थानीय हालु बाजार स्थित श्रीमहावीर जैन सीनियर सैकेंडरी स्कूल में वीरवार को स्वतंत्रता दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि प्रबंधनकारिणी समिति के सचिव अरूण जैन की धर्मपत्नी निशा जैन ने शिरकत की तथा अध्यक्षता विद्यालय प्राचार्या पुष्पा देवी ने की। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत व विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान एक तरफ जहां देशभक्ति कार्यक्रमों व गीतों पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दी तो वही नन्हे-मुन्हे बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा व रूकमणी की पोशाक पहनकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इस दौरान मधुर भक्ति गीतों पर नन्हे-मुन्हे बच्चों ने जोशीले नृत्य प्रदर्शन भी किया।
लघु बांसुरी, मोर पंख और जीवंत टोपी से सुसज्जित बच्चों की प्रस्तुतियां देखते ही बनती थी। इस मौके पर मुख्यअतिथि निशा जैन ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व और भगवान कृष्ण के जीवन से सीखे जा सकने वाले सबक पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी सिर्फ एक त्यौहार नहीं है, यह ज्ञान, प्रेम और धार्मिकता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण की शिक्षाएं जैसा कि भगवद गीता में पाई जाती है हमें मूल्यवान जीवन सबक प्रदान करती हैं। उन्होंने उपस्थित सभी अभिभावकों व बच्चों से आह्वान किया कि वे भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को आत्मसात करें। इस अवसर पर समस्त स्कूल स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

