हिसार जिले के 10 गांवों के किसान प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मांगों को लेकर सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी से की मुलाकात
03 जून, चंडीगढ़,
हिसार जिले के बालसमंद सहित लगभग 10 गांवों की पंचायतों एवं किसान प्रतिनिधियों ने विभिन्न जनहित एवं कृषि संबंधी मांगों को लेकर हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी से चंडीगढ़ में शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से नहरी पानी की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा किसानों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री श्रुति चौधरी ने तत्काल सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को बैठक में बुलाया तथा किसान प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित कराया। इस दौरान किसानों ने अपने क्षेत्रों में नहरी पानी की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं एवं अन्य स्थानीय मांगों को विस्तारपूर्वक रखा।
बैठक में सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता (ईआईसी), मुख्य अभियंता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा नहरी जल वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाया जाए।
इस अवसर पर श्रुति चौधरी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार की स्पष्ट प्राथमिकता है कि किसानों को सिंचाई जल की उपलब्धता में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े। नहरी पानी से संबंधित जहां भी समस्याएं सामने आई हैं, उनका समाधान निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निस्तारण किया जाए, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों और किसानों को समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध हो सके।
मंत्री ने किसान प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी मांगों एवं समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के आश्वासन पर किसान प्रतिनिधियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की समस्याओं के समाधान के प्रति अपनाए जा रहे सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना की।

