ADGP ऑफिस में तैनात SI की पीट-पीटकर हत्या

 
ADGP ऑफिस में तैनात SI की पीट-पीटकर हत्या

 हिसार में हुड़दंग का विरोध करने पर एक सब इंस्पेक्टर की ईंट और डंडों से पीट- पीटकर हत्या कर दी। वारदात गुरुवार रात 11:30 बजे हुई।

वारदात के बाद आरोपी मौके पर कार और 2 दोपहिया वाहन छोड़कर भाग गए।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि गली के बाहर कुछ युवक हुड़दंग कर रहे थे। शोर शराबा सुनकर एसआई घर से बाहर निकले और युवकों को रोक कर भगा दिया।

कुछ देर बाद युवक दोबारा वापस आए और एसआई की लाठी-डंडों से वार कर हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपियों के वाहनों को कब्जे में ले लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई है, जो लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने एक आरोपी काे हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। एसपी इस मामले में दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

उधर, अचानक हुई इस वारदात से परिवार में दहशत है। बताया गया है कि एसआई एडीजीपी ऑफिस में तैनात थे और उनकी अगले साल जनवरी में ही रिटायरमेंट होनी थी।

मृतक की पहचान 57 वर्षीय सब इंस्पेक्टर रमेश ​​​​​​कुमार ​के रूप में हुई। वे एडीजीपी ऑफिस में 10 साल से तैनात थे और ढाणी श्यामलाल की गली नंबर-3 में परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार के कई अन्य लोग भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।

परिवार के मुताबिक गुरुवार की रात 10:30 बजे कुछ युवक हुड़दंग और गाली गलौज कर रहे थे। उस वक्त रमेश कुमार भी घर पर ही थे। शोर शराबा होने पर रमेश घर से बाहर निकले और युवकों को डांट लगाते हुए हुड़दंग करने से रोका। रमेश की डांट सुनकर युवक वहां से चल गए।

नई सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज राजबाला ने कहा कि परिजनों के बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवाया है। आरोपियों की तलाश करने के लिए पुलिस जुटी हुई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। बता दें करीब 57 वर्षीय सब इंस्पेक्टर रमेश की जनवरी में रिटायरमेंट होनी थी।