भिवानी में गायक मासूम शर्मा पर भड़के सोशल वर्कर
भिवानी जिले में जन अधिकार समाज कल्याण समिति ने हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा।
यह मांग सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर अश्लीलता और हिंसात्मक भाषा प्रसारित करने के आरोप में की गई है।
समिति के कानूनी सलाहकार एडवोकेट अशोक आर्य ने बताया कि हाल ही में देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गायक मासूम शर्मा ने मंच से अश्लीलता की सभी सीमाएं लांघते हुए अभद्र और गंदी भाषा का प्रयोग किया था। इस संबंध में बहल पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई जा चुकी है।
एडवोकेट आर्य ने कहा कि गायक लगातार मंचों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अत्यंत अश्लील, अभद्र एवं हिंसक भाषा का उपयोग कर रहे है। इससे समाज के नैतिक मूल्यों को ठेस पहुंच रही है और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने इसे महिला सम्मान और सामाजिक मर्यादा के विरुद्ध एक गंभीर मामला बताया।

