सोनिका ढुल ने हरियाणा स्टेट गेम्स की 100 मीटर बाधा दौड़ में जीता स्वर्ण पदक
तोशाम।
गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित 27वी हरियाणा स्टेट गेम्स प्रतियोगिता में तोशाम क्षेत्र के गांव खावा निवासी खिलाड़ी सोनिका ढुल ने 100 मीटर बाधा दौड़ में अपने प्रतिद्वंदी सभी खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीतकर गांव तथा क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इससे पहले भी यह होनहार खिलाड़ी सोनिका ढुल राज्य स्तर पर 16 पदक प्राप्त कर चुकी है। सोनिका ढुल की इस कामयाबी पर गांव तथा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
यह जानकारी देते हुए गौ किसान समृद्धि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष एवं ग्राम स्वराज किसान मोर्चा के युवा प्रदेश अध्यक्ष युद्धवीर मंगल सिंह खरेटा ने बताया कि गांव खावा की यह होनहार खिलाड़ी सोनिका ढुल अनेक बार गांव का नाम रोशन कर चुकी है। एक बार फिर सोनिका ढुल ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर जता दिया है कि उसमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सोनिका के पिता सतबीर सिंह ढूल पेशे से किसान है और खेती से ही उन्होंने अपने बच्चों का पालन पोषण किया है सोनिका की माता ललिता देवी एक ग्रहणी है।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर सोनिका ने जो मुकाम हासिल किया है वह काबिले तारीफ है सोनिका इससे पहले 16 पदक प्राप्त कर चुकी है तथा अब गुरुग्राम में आयोजित हरियाणा स्टेट गेम्स में सोनिका ने 17वां पदक प्राप्त किया है। खिलाड़ी सोनिका ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता सहित अपनी जन्मस्थल तथा कर्मस्थल गांव खावा को दिया है।
सोनिका की इस उपलब्धि पर गौ किसान समृद्धि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष एवं ग्राम स्वराज किसान मोर्चा के युवा प्रदेश अध्यक्ष युद्धवीर मंगल सिंह खरेटा ने बधाई देते हुए सोनिका ढुल के उज्जवल भविष्य की कामना की है। वहीं सोनिका के स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर परिजनों तथा गांव में खुशी का माहौल है।

