Sonipat Bada Bazar Fire Incident: सोनीपत में बैग की दुकान में अचानक भड़की आग, मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

सोनीपत के बड़े बाजार स्थित 'श्याम बैग हाउस' में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

 
हरियाणा सोनीपत समाचार

सोनीपत: सोनीपत के बड़े बाजार में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब श्याम बैग हाउस में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया.

बैग समेत सारा सामान जला: आग इतनी भयंकर थी कि दुकान में रखा बैग समेत अन्य सारा सामान जलकर खाक हो गया. दुकान से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. आग के कारण दुकान में भारी नुकसान होने की बात सामने आई है.

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड: सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. बाजार में दुकानें आसपास होने के कारण फायर कर्मियों के सामने आग को नियंत्रित करने की चुनौती थी. टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

आग के कारणों की जांच जारी: फायर कर्मचारी जगमंद्र ने बताया कि, "डायल 112 के माध्यम से दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है. फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. संबंधित टीम मामले की जांच कर रही है."

हादसे में कोई हताहत नहीं: राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, आग से श्याम बैग हाउस में रखा सामान पूरी तरह जल गया. आग से हुए वास्तविक आर्थिक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है.