डीएवी शताब्दी पब्लिक स्कूल में विशेष हवन का आयोजन
भिवानी
स्थानीय डी.ए.वी. शताब्दी पब्लिक स्कूल, कोंट रोड के प्रांगण में एक विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। मुख्य यजमान के रूप में युद्ध विरागंनाओं ने शिरकत की।
डी.ए.वी. काॅलेज मैनेजिंग कमेटी के प्रधान पद्मश्री डाॅ. पूनम सूरी जी के दिशा-निर्देशन में इस धार्मिक अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य जलियांवाला बाग हत्याकांड के अमर शहीदों को नमन करना और वर्तमान में वैश्विक स्तर पर मंडरा रहे युद्ध के बादलों को शांत करने की प्रार्थना करना था। विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षक वर्ग ने जलियांवाला बाग के नरसंहार में शहीद हुए वीर सपूतों की आत्मिक शांति के लिए आहुतियां डालीं। उपस्थित जनसमूह ने दो मिनट का मौन रखकर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले नायकों को याद किया।
आर्य रत्न डॉ. पूनम सूरी जी (अध्यक्ष, डी.ए.वी. कॉलेज मैनेजिंग कमेटी) जी ने अपने संदेश में कहा कि हवन के इस पावन अवसर पर पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी जी (अध्यक्ष, डी.ए.वी. कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली) ने अपना शुभकामना संदेश प्रेषित करते हुए कहा डी.ए.वी. का मूल मंत्र ही विश्व का कल्याण है। जलियांवाला बाग के शहीदों ने अपनी शहादत से देश की मिट्टी को सींचा है, उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।
वर्तमान में ईरान और अमेरिका के बीच जो युद्ध की स्थितियां बनी हुई हैं, वे समस्त मानवता के लिए चिंता का विषय हैं। वेदों का संदेश है शं नो अस्तु द्विपदे शं चतुष्पदे अर्थात सभी जीव-जंतुओं और मनुष्यों का कल्याण हो। मुझे गर्व है कि डी.ए.वी. शताब्दी पब्लिक स्कूल, भिवानी के विद्यार्थी और शिक्षक इस हवन के माध्यम से विश्व शांति की मशाल जला रहे हैं। युद्ध की विभीषिका के बीच शांति की यह पुकार ईश्वर अवश्य सुनेगा। स्कूल के चैयरमेन अनिल राव, वाइस चैयरमेन सत्यपाल आर्य ने अपने-अपने सन्देश में कहा कि जलियांवाला बाग के शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों की याद दिलाता है।
आज हमने न केवल उन महान आत्माओं को याद किया, बल्कि ईरान-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव को देखते हुए वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ विश्व शांति की प्रार्थना भी की।
हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों और शांति के प्रति संवेदनशीलता जगाना है। रिजिनल आॅफिसर सुनीता बहल ने अपने सन्देश में कहा कि डी.ए.वी. संस्थाएं हमेशा से ही वैदिक संस्कृति और राष्ट्रवाद का संगम रही हैं। डी.ए.वी. शताब्दी पब्लिक स्कूल, भिवानी द्वारा आयोजित यह हवन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वैश्विक सद्भावना का प्रतीक है। युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, और हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि विश्व में शांति और स्थिरता बनी रहे।
मैनेजर अजय अलावाधी ने अपने सन्देश में कहा कि आज का यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक प्रयास है। जलियांवाला बाग के शहीदों की शहादत हमें एकता की शक्ति सिखाती है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति की आहुति डालना यह दर्शाता है कि हम एक ऐसे भविष्य की कामना करते हैं जहाँ युद्ध का स्थान शांति और संवाद ले सके।
इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्या जगदीप कौर ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा हमें अपने इतिहास के बलिदानों को कभी नहीं भूलना चाहिए। आज जब दुनिया के कुछ देशों में युद्ध का माहौल बना हुआ है, तब एक जागरूक नागरिक होने के नाते हमारा यह कर्तव्य है कि हम विश्व शांति और भाईचारे की कामना करें। युद्ध केवल विनाश लाता है, इसलिए मानवता की रक्षा के लिए शांति और संवाद जरूरी है। इस कार्यक्रम में स्कूल का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
विद्यालय मिडिया प्रभारी राजेश कुमार मुखी ने बताया कि विशेष रूप से जलियांवाला बाग के नरसंहार और ईरान और अमेरिका के मध्य बढ़ रहे तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों को समाप्त करने के लिए हवन-यज्ञ किया गया। आर्य समाज के नियमों का पालन करते हुए वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां दी गईं। पूरा वातावरण शुद्धता और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने देश की अखंडता और विश्व शांति के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। शांति पाठ के साथ हवन का समापन हुआ।

