पूर्व BJP मंत्री के काफिले पर पथराव
हरियाणा के नूंह जिले में चुनाव में महिला सरपंच के जीत के जश्न में बवाल हो गया। इस जश्न में पूर्व राज्यमंत्री कुंवर संजय सिंह भी शामिल थे, उनके काफिले पर भी पथराव किया गया।
विवाद चुनाव में हारे प्रत्याशी के घर के सामने टोंट कसने के साथ आतिशबाजी करने और तेज म्यूजिक सिस्टम बजाने पर शुरू हुआ।
इसके बाद छतों से पत्थरबाजी की गई। पूर्व मंत्री उस वक्त घोड़ा बग्गी पर सवार थे, पथराव होने के बाद उनके समर्थकों ने उन्हें वहां से किसी तरह निकाला। इसका वीडियो भी सामने आया है।
पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने 5 महिलाओं सहित 77 लोगों खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
शैक्षणिक प्रमाण पत्र फर्जी होने पर सरपंच हुई थी निलंबित ग्राम पंचायत चुनाव में नूंह जिले के तावडू थाना क्षेत्र के गांव चीला की निश्वा का सरपंच चुना गया था। सरपंच चुने जाने के बाद प्रशासन को शिकायत की गई, कि उनके शैक्षणिक प्रमाण पत्र फर्जी हैं। प्रशासन ने इसकी जांच कराई तो शैक्षणिक प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। इस पर निश्वा को निलंबित कर दिया गया था।
उपचुनाव हुए, मुमताज ने 341 वोटों से जीत हासिल की निश्वा के निलंबित कर दिए जाने के बाद गांव चीला में सरपंच का पद रिक्त हो गया। इसके बाद प्रशासन ने यहां उपचुनाव कराए। रविवार (16 जून 2025) को गांव में उपचुनाव हुए। इसमें खालिद हुसैन की बेटी मुमताज 341 वोटों से विजयी रही। मुमताज को 1288 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर रही तबस्सुम को 948 वोट मिले।
जीत के जश्न में शामिल हुए पूर्व मंत्री कुंवर संजय सिंह चुनाव में बेटी मुमताज की जीत के बाद खालिद हुसैन की ओर से जश्न का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व वन, पर्यावरण एवं खेल राज्य मंत्री कुंवर संजय सिंह भी शामिल हुए। खालिद पक्ष के लोग घोड़ा बग्गी के साथ पूरे गांव में विजयी जुलूस निकाल रहे थे। ढोल नगाड़े और तेज म्यूजिक सिस्टम बजाया जा रहा था। बताया गया कि पूर्व मंत्री भी घोड़ा बग्गी पर सवार थे।
हारे प्रत्याशी के घर की छत से बरसाए गए पत्थर पूर्व मंत्री संजय सिंह की बग्गी जैसे ही चीला गांव की एक गली से निकली तो रास्ते में चुनाव में हारे हुए प्रत्याशी का घर पड़ा। बताया जा रहा रहा है कि जीतने वाले पक्ष की तरफ से किसी समर्थक ने यहां पर टोंट कस दिया। साथ ही तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजाते हुए डांस करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद हारे हुए प्रत्याशी की छत पर खड़ी महिलाओं ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुरुष भी इसमें शामिल हो गए।

