भाग्य पर निर्भर ना रहकर लक्ष्य के साथ कड़ी मेहनत करें विद्यार्थी: एडीसी 

 
भाग्य पर निर्भर ना रहकर लक्ष्य के साथ कड़ी मेहनत करें विद्यार्थी: एडीसी 

भिवानी।

एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने गांव लोहानी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ करियर काउंसलिंग को लेकर सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा किए गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अपना लक्ष्य निर्धारित करने के साथ-साथ कड़ी मेहनत करने की जरूरत होती है। केवल भाग्य पर निर्भर नहीं होना चाहिए।

अपना भाग्य बनाना भी स्वयं के हाथ में होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने सिलेबस के साथ-साथ सामान्य ज्ञान को साथ-साथ अर्जित करना चाहिए। समय के अनुरूप अपने आप को अपडेट करना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौर में कड़ी परिश्रम करने वाले बच्चे ही कामयाब होते हैं। उन्होंने कहा कि असफलता से कभी भी निराश नहीं होना चाहिए बल्कि उसे सबक लेकर और अधिक मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में असफलता भी कामयाबी की सीढ़ी बन जाती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की बुराई से भी दूर रहना चाहिए।

माता-पिता को अपने बच्चों से बहुत उम्मीदें होती हैं और वे अपने बच्चों पर अपनी खून पसीने की कमाई लगाते हैं। अनावश्यक रूप से खर्च भी माता-पिता पर बोझ बनता है। बच्चों को चाहिए कि वे अच्छी-अच्छी पुस्तक पढ़ें। आज के इस दौर में दुनिया हमारी मु_ी में है, लेकिन मोबाइल से केवल पढ़ाई का ही कार्य करें। उन्होंने बच्चों से कहा कि कम से कम बीए तक की पढ़ाई जरूर करें। उन्होंने बच्चों द्वारा किए गए सवालों पर भारतीय सिविल सेवा, सेना और पुलिस आदि की तैयारी के साथ आर्ट्स, कॉमर्स, साइंस और जेईई आदि के माध्यम लक्ष्य हासिल करने का मार्गदर्शन किया।
- महर्षि दयानंद सरस्वती वैदिक पुस्तकालय का किया निरीक्षण
एडीसी  करवा ने स्कूल में जाने से पहले गांव में ग्राम सचिवालय स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती वैदिक पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान एडवोकेट सुनील मलोदिया ने एडीसी को बताया कि वर्ष 2024 से चल रहे इस पुस्तकालय में गांव लोहानी के अलावा आसपास गांवों से करीब 250 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। बच्चों के लिए यह बड़ी ही कारगर साबित हो रही है। उन्होंने यहां प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों से भी बात की और उनका मार्गदर्शन किया। ग्रामीणों ने एडीसी श्री करवा का फूल मालाओं से स्वागत किया।
इस दौरान स्कूल प्राचार्य रमेश कोठारी, सरपंच अशोक शर्मा, लाइब्रेरी समिति प्रधान लोक गायक कमल सिंह,  मास्टर जितेंद्र शर्मा, हरि सिंह प्रधान, नरेश चौहान,  साधुराम सभ्रवाल, मुकेश यादव, ओम प्रकाश यादव, मास्टर जय किशन, सतबीर मैनेजर, प्रवीण शर्मा, आजाद, संजय मिस्त्री, प्रदीप,  रणवीर लांबा, राजेश शर्मा, राजेंद्र शर्मा, पूर्व सरपंच हरिकिशन शर्मा और ईश्वर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी मौजूद रहे।