जिला में पेट्रोल-डीजल व एलपीजी गैस पर्याप्त
भिवानी।
जिला भिवानी में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर ईंधन व एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। नागरिकों को किसी भी प्रकार से घबराने की जरूरत नही है। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ से बचें।
डीसी साहिल गुप्ता के निर्देश पर खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने जिला व जिला में विभिन्न खंड स्तर पर सहायता नंबर जारी किए हैं। नागरिक किसी भी प्रकार की जानकारी यहां से ले सकते हैं। वहीं कालाबाजारी को रोकने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।
जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी ने बताया कि जिले में वर्तमान में कुल 233 पेट्रोल पंप तथा 27 गैस एजेंसियां संचालित हैं। सभी पेट्रोल पंपों पर प्रतिदिन लगभग 188 किलोलीटर पेट्रोल और 589 किलोलीटर डीजल की खपत हो रही है। वहीं पेट्रोल का करीब 973 किलोलीटर और डीजल का 1849 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है, जो मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।
इसी प्रकार गैस एजेंसियों पर प्रतिदिन लगभग 6900 एलपीजी सिलेंडरों की आवक हो रही है, जबकि लगभग 5800 सिलेंडरों की खपत हो रही है। इससे स्पष्ट है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं है। एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनाधिकृत प्रयोग को रोकने के लिए जिला स्तर पर प्रदीप कुमार, जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि ब्लॉक स्तर पर सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बॉक्स
किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए उपभोक्ता संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
भिवानी, जूई व बवानीखेड़ा के लिए मुकेश कुमार (9416525746), तोशाम के लिए नरेंद्र कुमार (9416991200), सिवानी के लिए राजेंद्र प्रसाद (9896499528) तथा लोहारू, बहल व ढिगावा के लिए अजय कुमार (9416231171) से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम (01664-242125) पर भी संपर्क किया जा सकता है। यहां कुमारी रितु सोमवार से बुधवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक, विकास गुरुवार से शनिवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक तथा ईश्वर सिंह प्रतिदिन शाम 5 बजे से 8 बजे तक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक ने बताया कि जिले में सभी आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

