भिवानी पंचायत भवन में आज तीज महोत्सव, मंत्री कृष्ण बेदी होंगे मुख्य अतिथि
भिवानी में 28 जुलाई को पंचायत भवन में तीज उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से किया जा रहा है।
हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय विभाग के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी इसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रदेश सरकार तीज महोत्सव को धूमधाम से मनाने जा रही है। इस मौके पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को "कोथली" (त्योहार की भेंट) दी जाएगी। तीज का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह अंबाला में आयोजित होगा।
1000 महिलाओं को देंगे कोथली
डीसी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी 28 जुलाई को पंचायत भवन में दोपहर दो बजे शिकरत करेंगे। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला प्रबंधक शिखा राणा ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में ग्रामीण मिशन के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी एक हजार महिलाओं को कोथली भेंट की जाएंगी। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान अपना स्वयं का रोजगार चला रही महिलाएं अपने कार्य कौशल के बारे में विस्तार से बताएंगी।

