हरियाणा के 3 जिलों का तापमान 1 डिग्री से नीचे

 
हरियाणा के 3 जिलों का तापमान 1 डिग्री से नीचे

हरियाणा में हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मकर संक्रांति (14 जनवरी) पर सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, झज्जर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह में कोल्ड वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार सुबह जींद, कैथल, सोनीपत, हिसार, भिवानी, झज्जर और सिरसा में धुंध रही। मंगलवार को गुरुग्राम के मानेसर में कार की छत पर बर्फ की परत जम गई। इसका वीडियो अब सामने आया है।

सुबह सोनीपत सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 0.5 और गुरुग्राम में 0.8 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कल की तुलना में आज औसत न्यूनतम तापमान में 0.3°C की वृद्धि हुई है। हालांकि, यह राज्य में सामान्य से -3.2°C नीचे है।

कोहरे और शीतलहर का प्रभाव थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन कुछ इलाकों में घना कोहरा और कोल्ड वेव की स्थिति बनी रहेगी। इसके लिए विभाग ने अलर्ट जारी रखा है

मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि सुबह के वक्त कोहरा छाए रहने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री से से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है और कड़ाके की ठंड से हल्की राहत मिल सकती है।

हिसार के चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 16 जनवरी तक मौसम आमतौर पर सूखा रहेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे रात का तापमान थोड़ा गिर सकता है और दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है। दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के कुछ इलाकों में पाला भी पड़ सकता है।

राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह और देर रात हल्की से मध्यम धुंध छाई रह सकती है। 16 और 19 जनवरी की रात को दो पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव हो सकता है। 17 और 18 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 19 जनवरी के बाद राज्य के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने की संभावना है।