ठाकुर बीर सिंह ने की थी राज्य स्तर पर कान्फेड की स्थापना : ठाकुर विक्रम सिंह

 
ठाकुर बीर सिंह ने की थी राज्य स्तर पर कान्फेड की स्थापना : ठाकुर विक्रम सिंह

भिवानी :

पूर्व मंत्री ठाकुर बीर सिंह की जयंती हर वर्ष की भांति इस बार भी 26 अक्तूबर को उत्साहपूर्वक मनाई जाएगी। जिसकी सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी है।

जयंती कार्यक्रमों की जानकारी देने के उद्देश्य से वीरवार को स्थानीय ठाकुर बीर सिंह मार्ग स्थित दुर्गा पैलेस में पूर्व मंत्री स्व. ठाकुर बीर सिंह के पुत्र भाजपा नेता ठाकुर विक्रम सिंह ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान उनके साथ स्व. ठाकुर बीर सिंह के पौत्र कुनाल जीत सिंह व विशालजीत सिंह व समर विजय सिंह भी मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ठाकुर विक्रम सिंह ने बताया कि 26 अक्तूबर को स्थानीय शकुंतला गार्डन में जयंती कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिसमें बतौर मुख्यअतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद अरूण सिंह, अति विशिष्ट भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, हरियाणा प्रदेश प्रभारी सतीश पुनिया तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर केबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, सांसद धर्मबीर सिंह, राजस्थान भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक अभिनेश महर्षि, विधायक घनश्याम सर्राफ, भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में सान्निध्य आरएसएस राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डा. इंद्रेश का रहेगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान हवन का आयोजन भी किया जाएगा।
      पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए ठाकुर विक्रम ने कहा कि ठाकुर बीर सिंह वर्ष 1977 में कांग्रेस के तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसीदास गुप्ता को हराकर जनता पार्टी की टिकट पर भिवानी से विधायक बने थे। उन्होंने कहा कि ठाकुर बीर सिंह जनता पार्टी की सरकार में प्रदेश के वित्त, राजस्व व सहकारिता मंत्री भी रहे। उन्होंने राजस्व मंत्री रहते हुए जमाबंदी की नकल शाखा की बजाए तहसीलदार से बनवाने की नीति बनाई।

सहकारिता मंत्री रहते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ते अनाज की दुकानें खुलवाई और राज्य स्तर पर कान्फेड की स्थापना की। 1991 में जब चौ. भजनलाल ने हरियाणा में मुख्यमंत्री की बागडौर संभाली तो उन्होंने ठाकुर बीर सिंह को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का चेयरमैन मनोनित किया। उन्होंने 1982, 1987 व 1991 में भी विधानसभा के चुनाव लड़े। उन्होंने भिवानी में राजपूत धर्मशाला का निर्माण करवाया।

इसके अलावा राजस्व विभाग में भी बहुत से सुधार किए। कॉपरेटिब बैंक में चैक बुक व पास बुक का नियम ठाकुर बीर सिंह द्वारा ही लागू किया गया था।
      ठाकुर विक्रम सिंह ने बताया कि जब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को भिवानी से स्थानांतरित किया जा रहा था, लेकिन ठाकुर बीर सिंह के प्रयासों के चलते ही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी में रहा। उन्होंने बताया कि जयंती समारोह में सिर्फ भिवानी ही नहीं, अपितु अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेंगे।

उन्होंने कहा कि जयंती समारेाह को लेकर वे भिवानी, महेंद्रगढ़, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, गुरूग्राम के अनेक गांवों का दौरा कर चुके है तथा सभी में जयंती को लेकर खासा उत्साह है तथा इस समारोह में भारी तादात में लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि ठाकुर बीर सिंह सहकारिता आंदोलन के प्रणेता थे। जिनकी जयंती को हर वर्ष उत्साहपूर्वक मनाई जाती है।