बुजुर्गों व दिव्यांगजन के जीवन को बाधामुक्त बनाना रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य : सचिव
लोहारू ।
उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष साहिल गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी ने एक सराहनीय कार्य अरावली पावर कंपनी प्रा0 लि0, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और एलिम्को (भारत सरकार का उपक्रम) के साथ मिलकर बुजुर्गों व दिव्यांगजनों के जीवन को बाधामुक्त करने के लिए सहायक उपरण वितरण प्रदान करने के लिए जिले भर में विशेष जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
ये जानकारी देते हुए सचिव रेड क्रॉस प्रदीप कुमार ने बताया कि इस मुहिम के तहत खंड स्तर पर जाँच शिविर आयोजित किए जा रहे है। इसी कड़ी में शुक्रवार को लोहारू के खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिव्यांगजन व वरिष्ठजनों ने पंजीकरण कराया।
इस मौके पर रेडक्रॉस सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों और बुजुर्गों के जीवन को सुगम और आत्मनिर्भर बनाना है। सचिव प्रदीप कुमार ने जानकारी दी कि जो लाभार्थी किसी कारणवश लोहारू शिविर में नहीं पहुंच पाए, वे निराश न हों। वे अपने नजदीकी ब्लॉक में आगामी दिनों में लगने वाले शिविरों में जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि शिविरों की कड़ी में 13 दिसबर को बहल के खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय एवं 14 दिसम्बर को अंतिम जांच शिविर रेडक्रॉस भवन भिवानी में आयोजित किया जाएगा।
जिसमें में एलिम्को के विशेषज्ञों की टीम द्वारा जाँच के बाद जरूरत के अनुसार विभिन्न उपकरणों के लिए पंजीकरण किया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से मोटराइज्ड तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, कान की मशीन, बैसाखी, वॉकर, छड़ी, ट्राइपॉड, क्वाडपॉड, चेयर कमोड, सिलिकॉन सीट, नी-ब्रेस, स्पाइनल सपोर्ट, सर्वाइकल कॉलर, लम्बोसैक्रल बेल्ट, और सीट वाली छड़ी शामिल हैं।
सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों (60 वर्ष या अधिक) के लिए मासिक आय 15 हजार रुपये और दिव्यांगजनों के लिए 22 हजार 500 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक ने पिछले 5 वर्षों में मोटराइज्ड तिपहिया साइकिल और पिछले 3 वर्षों में किसी भी सरकारी/गैर-सरकारी योजना से कोई समान उपकरण न लिया हो। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, बीपीएल राशन कार्ड, पेंशन प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है।
सचिव ने बताया कि लाभार्थी अधिक जानकारी के लिए रेड क्रॉस कार्यालय के दूरभाष नंबर 01664-240639 या मोबाइल नंबर 8950504748 पर संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान शिविर में जिला प्रशिक्षण अधिकारी विकास कुमार, जयभगवान, रिहेबएक्सपर्ट मोहित वर्मा, परतोश कुमार, ऑडियोलॉजिस्ट सुशील सिंह, जयपाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

