डीसी ने गांव निनान में रात्रि दरबार लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
भिवानी।
डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों से जो निजी बसें पूरा किराया लेती है, उन बसों का नंबर नोट किया जाए ताकि उनके विरुद्ध कार्यवाही की जा सके।
उन्होंने हरियाणा राज्य परिवहन के भिवानी महाप्रबंधक दीपक कुंडू को निर्देश दिए कि सभी बसों की सीटों पर आरक्षण व्यवस्था को अंकित करवाया जाए ताकि महिलाओं, वरिष्ठजन व दिव्यांगजन के लिए आरक्षित सीटों पर वे बैठ सकें।
उन्होंने परिवार पहचान पत्र व वोटर आईडी में यदि किसी प्रार्थी का नाम, आय या अन्य कोई त्रुटि है तो उन्हें तुरंत ठीक किया जाए ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं का फायदा मिल सके।
डीसी साहिल गुप्ता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा गांव निनान स्थित कम्यूनिटी सेंटर-शहीद स्मारक प्रांगण में रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। डीसी ने सरपंच रामकुमार मांगेराम भगत द्वारा रखी गई गांव की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया।
डीसी के समक्ष ग्रामीण राजकपूर ने ई-लाइब्रेरी बनवाने, खेल नर्सरी की शैड बनवाने, अवैध झुग्गी हटवाने, वाटर वर्कस में टैंक बनवाने की समस्या रखी। 100-100 गज के प्लाट दिलवाने की मांग पर डीसी ने कहा कि पंचायती जमीन उपलब्ध होने पर प्लाट अलॉट कर दिए जाएंगे।
डीसी के समक्ष ग्रामीण मीना ने गांव की अनेक शिकायतें, अमित ने उसके मकान के आगे से गली बनवाने, कालुवास सरपंच ने अवैध कनेक्शन व पानी चोरी रूकवाने बारे, सुरेन्द्र, दिलबाग व बलराज ने पीएमएवाईजी की किस्त बारे, सरजीत ने फैमली आईडी दुरूस्त करवाने, बाला व प्रेमा ने पहचान पत्र को दुरूस्त करवाने, रजनी ने बिजली मीटर लगवाने बारे, सत्यवीर ने रूपए के मामले पर कार्रवाई करवाने बारे व सरोज ने राशन कार्ड बनवाने, संदीप ने बॉक्सिंग प्रशिक्षण बारे शिकायत रखी।
इसके अलावा सार्वजनिक तौर डीसी के समक्ष ग्रामीणों ने गांव में गंदे पानी की निकासी के नालों की सफाई करवाने, नालियों पर लोहे की जाली लगवाने, जमीन की पैमाइश करवाने, गली निर्माण करवाने, मकान निर्माण के लिए सहायता राशि दिलवाने, खेल मैदान की सफाई करवाने, बिजली व्यवस्था करवाने और स्कूल के सामने कूड़ा-कचरा डालकर प्रदूषण फैलाने पर पाबंदी लगवाने सहित विभिन्न प्रकार की समस्याएं रखी।
डीसी ने सभी शिकायतों को गौर से सुनकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे इन शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करें। डीसी ने नगर परिषद, क्रीड विभाग, बिजली निगम, सिंचाई विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थाई समाधान करें।
कार्यक्रम में वहीं दूसरी ओर पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, क्रीड, महिला एवं बाल विकास विभाग, बिजली निगम आदि विभिन्न विभागों ने स्टार लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। रात्रि ठहराव कार्यक्रम पूर्व डीसी साहिल गुप्ता ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और शहीद स्मारक प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रस्सा-कसी तथा बॉक्सिंग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। डीसी श्री गुप्ता ने खेल विजेता टीम को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने डीसी साहिल गुप्ता व एसएसपी सुमित कुमार, एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य व डीडीपीओ सोमबीर कादयान को पौधा भेट कर फूल मालाओं और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
इस मौके पर जीएम दीपक कुुंडू, बीडीपीओ नवीन कुमार, डीएसओ सुरेश कुमार, डीईईओ शिव कुमार तंवर, अनिल गौड, एक्शईएन अजय राठी, विजय कुमार व कपिल देव, एसडीओ देवेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों के अलावा अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

