डीसी ने वनवासी कल्याण आश्रम ,बाल सेवा आश्रम में पहुंचकर जाना बच्चों का हालचाल 

 
डीसी ने वनवासी कल्याण आश्रम ,बाल सेवा आश्रम में पहुंचकर जाना बच्चों का हालचाल 

भिवानी।

 डीसी साहिल गुप्ता मंगलवार को रोहतक गेट स्थित वनवासी कल्याण आश्रम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यहां पर रह रहे विभिन्न राज्यों से जनजाति समाज के बच्चों से बात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने यहां पर वनवासी संस्था द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया।

डीसी  गुप्ता ने बाल सेवा आश्रम का भी दौरा किया।
बच्चों से परिचय करते बातचीत करने के दौरान डीसी ने बच्चों से उनके द्वारा जीवन में निर्धारित लक्ष्य के बारे में ही पूछा और कहा कि जीवन में कुछ भी हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ संस्कार बहुत जरूरी हैं, जो वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा बच्चों में डाले जा रहे हैं।

इसी प्रकार से डीसी ने बच्चों को किसी न किसी खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जो जीवन के सर्वांगीण विकास में जरूरी है।
इस दौरान वनवासी कल्याण संस्था के क्षेत्रीय संगठन मंत्री जय भगवान ने डीसी गुप्ता को जानकारी देते हुए बताया कि पूरे देश में 22 तरह की जनजाति के लोग हैं, जिनकी संख्या करीब 12 करोड़ है।

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में जनजाति के लोग नहीं हैं। उन्होंने बताया कि भिवानी वनवासी आश्रम में आसाम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड के अलावा जम्मू कश्मीर के कुल 43 बच्चे रह रहे हैं, जो भिवानी के विभिन्न स्कूलों में शिक्षा हासिल कर रहे हैं। इसी प्रकार से देश भर में करीब 250 वनवासी कल्याण आश्रम हैं जिनमें करीब 10000 बच्चे शिक्षा और संस्कार हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वनवासी कल्याण आश्रम का मुख्य लक्ष्य बच्चों में पढ़ाई के साथ-साथ देश के लिए कर्तव्यबोध करवाना है और उनमें संस्कार भरना है, इसके लिए 2100 तरह के सेवा कार्य प्रकल्प हंै, जिसमें गांव के विकास में अपना योगदान देना भी शामिल है।

बड़े होकर यही बच्चे गांव और समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं। बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ खानपान और उनके खेल की गतिविधियों का विशेष ध्यान रखा जाता है।
इस दौरान वनवासी कल्याण आश्रम के प्रांत कार्यालय प्रमुख प्रकाश गोयल, पालक अशोक बिंदल और नगर अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल, सीडीपीओ किरण व सुपरवाईजर रिंकू मौजूद रहीं।
बाल सेवा आश्रम का किया निरीक्षण

डीसी साहिल गुप्ता तोशाम रोड़ पर बाल सेवा आश्रम भी पहुंचे। उन्होंने यहां भी बच्चों से बात की। संस्था से सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी वेदप्रिय आर्य ने डीसी को संस्था में रह रहे बच्चों की शिक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डीसी ने संस्था के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि बच्चों की शिक्षा में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।