जिले के 208 गरीब एवं पात्र लोगों का अपना घर बनाने का सपना होगा साकार: डीसी 

 
 जिले के 208 गरीब एवं पात्र लोगों का अपना घर बनाने का सपना होगा साकार: डीसी 

भिवानी।

जिला के 208 गरीब एवं पात्र लोगों का अपना घर बनाने का सपना अब साकार होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत इन पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को वीरवार को मकान बनाने के लिए 45-45 हजार रूपए पहली किश्त के रूप में मिल गए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जहां एक तरफ चंडीगढ़ से ऑनलाइन के माध्यम से प्रदेशभर के पंजीकृत जरूरतमंद पात्र लोगों के खाते में 45-45 हजार रूपए पहली किश्त के रूप में डाले। वहीं दूसरी ओर लघु सचिवालय स्थित वीसी रूम में डीसी महावीर कौशिक ने जिले के जरूरतमंद पात्रों के खाते में जारी किए हैं।
इस दौरान डीसी महावीर कौशिक ने कहा सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक के सिर पर छत हो। जीवन बसर करने के लिए सबसे पहली जरूरत अपने मकान की होती है। हर नागरिक का सपना होता है कि उसका अपना मकान हो, जहां वह आराम के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें। इसी के चलते प्रधानमंत्री आवास योजना चलाई जा रही है।

इस योजना को ओर अधिक प्रबल बनाने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री आवास योजना क्रियान्वित है।
डीसी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को मकान निर्माण के लिए कुल एक लाख 38 हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस साथ-साथ मनरेगा के तहत मकान निर्माण में 90 दिन की दिहाड़ी भी दी जाती है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए जरूरतमंद लोगों को पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होता है। उसके बाद जिला प्रशासन द्वारा मौके पर जाकर सत्यापन किया जाता है। पात्र लोगों का ही सहायता राशि के लिए चयन किया जाता है।
उपायुक्त ने इस दौरान मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हर जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को मकान मुहैया करवाना सुनिश्चित करें ताकि हर नागरिक का अपना घर होने का सपना साकार हो। इस दौरान सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा, नगराधीश अनिल कुमार, बीडीपीओ सोमबीर कादयान व विनोद सांगवान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर चंडीगढ़ से ऑनलाइन माध्यम द्वारा पात्र लोगों को मकान निर्माण के लिए किश्त जारी करते हुए मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने अपने संदेश में कहा कि अपना मकान गरीब लोगों के उज्जवल भविष्य का नया आधार बनेगा। अपना घर होने से लोग आगे बढ़ेंगे। जीवन में तरक्की करेंगे, जिससे देश-प्रदेश उन्नति के पथ पर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब से गरीब व्यक्ति को उनका हक प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में हर जरूरतमंद व्यक्ति को उसकी अपनी छत मुहैया करवाई जाएगी।