हिसार से चंडीगढ़ के लिए पहली फ्लाइट उड़ी, CM सैनी भी सफर कर रहे 

 
हिसार से चंडीगढ़ के लिए पहली फ्लाइट उड़ी, CM सैनी भी सफर कर रहे 

हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए सोमवार को पहली फ्लाइट ने उड़ान भरी। फ्लाइट को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी हरी झंडी दिखाई। नायब सैनी खुद भी फ्लाइट में चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए।

उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, राज्य मंत्री राजेश नागर, विधायक रणधीर पनिहार, विनोद भयाणा, सावित्री जिंदल, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली समेत अन्य नेताओं ने भी सफर किया।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा- "हिसार से चंडीगढ़ के लिए दूसरी हवाई उड़ान शुरू हो रही है, और भविष्य में जयपुर, अहमदाबाद, और जम्मू के लिए भी यात्राएं शुरू होंगी, जिससे यह क्षेत्र इंडस्ट्री का हब बनेगा। प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख लोगों के लिए है, जो इस एयरपोर्ट का लाभ लेंगे।" 

हफ्ते में 2 दिन उड़ान भरेगी फ्लाइट यह फ्लाइट सेवा सप्ताह में 2 दिन सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। हिसार से चंडीगढ़ की उड़ान लगभग 1 घंटे की होगी, जबकि वापसी में उड़ान समय करीब 1 घंटा 10 मिनट रहेगा। एलायंस एयर फ्लेक्सी किराया मॉडल के तहत टिकट बुक कर रही है, जिसमें किराया ₹1449 से ₹1704 के बीच रखा गया है। इससे लोगों को दोनों शहरों के बीच तेज और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा।

हिसार से चंडीगढ़ की दूरी करीब 252 किमी है। सड़क के रास्ते चंडीगढ़ पहुंचने में जहां करीब 4 घंटे लगते हैं। वहीं, ट्रेन से यह सफर 7 घंटे का हो जाता है। हालांकि, अब हवाई मार्ग से यह समय काफी कम हो जाएगा। फ्लाइट से लगभग एक घंटा में ही यात्री चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे।