युवाओं का भविष्य संवारने वाला विद्यालय खुद है दयनीय हालातों में
भिवानी:
युवाओं को देश का भविष्य माना जाता है तथा देश का वही स्वर्णिम भविष्य विद्यालयों में तैयार होता है। लेकिन जिला के गांव रिवाड़ीखेड़ा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन दिनों विद्यार्थियों का भविष्य सुधारने बजाए स्वयं दयनीय हालात है। जिसे देखकर विद्यार्थियों का तो दूर ग्रामीणों का भी भवन में जाने को मन नहीं करता।
विद्यालय की दयनीय हालात का जायजा लेने शुक्रवार को ग्रामीण आजाद रिवाड़ी, सरपंच प्रतिनिधि सतीश, जोगेंद्र, विनोद, सोनू, जयपाल, सतबीर, रामबीर, राकेश, सतपाल, प्रवीण, सिकंदर व सुमेर विद्यालय भवन में पहुंचे तथा विद्यालय भवन की जर्जर हालत देखकर सरकार व प्रशासन से इस दिशा में ध्यान देकर सुधार किए जोन की मांग की। विद्यालय का दौरा करने के बाद आजाद रिवाड़ी ने बताया कि गांव रिवाड़ीखेड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन दिनों जर्जर हाल में है, जो कि खुले तौर पर हादसों को निमंत्रण दे रहा है।
उन्होंने बताया विद्यालय में चार कमरे ऐसे है, जिनकी छत कभी गिर सकती है तथा चार कमरे गंदगी से अटे पड़े है। जिनमें बैठकर शिक्षा ग्रहण करना तो दूर पास से भी नहीं गुजरा जा सकता। शौचालयों साफ-सफाई से कोसो दूर है। इसके अलावा विद्यालय का जनरेटर भी करीबन 12 वर्षो से बंद पड़ा है तथा लाईट जाने के बाद यहां कोई सुविधा नहीं है। जिसके कारण विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा विद्यालय का मुख्य द्वार भी दिन-रात खुला रहता है तथा यहां पर चौकीदार की व्यवस्था भी नहीं है। जिसके कारण विद्यालय में बेसहारा पशु व असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने जिला प्रशासन व सरकार से मांग करते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर में बनी इन परेशानियों को जल्द से जल्द दूर किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।

