गांव कलिंगा में ओमपाल के परिवार को एसडीएम ने प्रदान किया 12 लाख रुपए की सहायता राशि का चैक 

 
गांव कलिंगा में ओमपाल के परिवार को एसडीएम ने प्रदान किया 12 लाख रुपए की सहायता राशि का चैक 

भिवानी।

गांव कलिंगा में दो सितंबर की रात को छत के नीचे दबने से हुई तीन नाबालिग लड़कियों की मौत पर डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार एसडीएम महेश कुमार शुक्रवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे।

इस मौके पर बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे उनके भाई राजेश कुमार की मौजूदगी में एसडीएम महेश कुमार ने परिजनों को प्रदेश सरकार की तरफ से 12 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक भेंट किया।
इस दौरान सांत्वना देते हुए एसडीएम महेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में घायल ओमपाल व उनकी पत्नी अनीता का इलाज पीजीआई रोहतक में चल रहा है। इलाज का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भिवानी से स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सा अधिकारी भी रोहतक जाकर ओमपाल व उनकी पत्नी अनीता के उपचार के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह 12 लाख रुपए की सहायता राशि राज्य आपदा राहत कोष के तहत प्रदान की गई है, जो कि सीधे पीड़ित परिवार के खाते में जाएगी। प्राकृतिक आपदा के दौरान मृत्यु होने पर एक व्यक्ति के लिए चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि मृतक के आश्रितों को प्रदान की जाती है।
उन्होंने इस मौके पर मौजूद कलिंगा-खरक व आस पास गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे आबादी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति प्रभावित लोगों को गांव में सुरक्षित स्थानों पर आश्रय दें।

यदि कहीं आबादी क्षेत्र में अत्यधिक जलभराव है तो उसकी सूचना जिला प्रशासन को दें ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।  
आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान करने के दौरान पहुंचे बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के प्रतिनिधि उनके भाई राजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार इस दर्दनाक घटना से त्रस्त ओमपाल के साथ खड़ी है। उन्होंने कि इस दु:ख की घड़ी में ओमपाल की हर संभव अधिक से अधिक मदद की जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसी भी प्रकार की आपदा की घड़ी में पीड़ित लोगों के साथ खड़ी रहती है। उन्होंने साधन संपन्न लोगों से भी पीड़ित परिवार की मदद करने की अपील की है।
इस दौरान मौजूद कलिंगा सवाई पाना के सरपंच रणबीर सिंह, राजू पाना सरपंच प्रतिनिधि रमेश, अमरू पाना सरपंच सोनू शर्मा, 12-धामाण खाप प्रधान ऋषि पाल, सामाजिक कार्यकर्ता बिजेन्द्र परमार आदि प्रबुद्ध लोगों ने पीड़ित परिवार को प्रदान की गई सहायता राशि का प्रदेश सरकार का आभार प्रकट किया।
उल्लेखनीय है कि दो सितंबर मंगलवार देर रात गांव कलिंगा में ओमपाल सिंह के मकान की छत गिरने से उसकी तीन बेटी अंशिका, दिशा और भारती की दर्दनाक मौत हो गई थी।

मलबे में दबने से ओमपाल, उसकी पत्नी अनीता और बेटा धु्रव गंभीर रूप से घायल हो गए थे, घायलों का पीजीआई रोहतक में उपचार चल रहा है।
इस दौरान मृतक लड़कियों का ताऊ राजा व दादा मनबीर सिंह के अलावा हरबीर, मुनशीराम, योगेन्द्र, रतन सिंह, पूर्व सरपंच ओम सिंह, जयदेव तंवर, ग्राम सचिव अजय तंवर, जितेन्द्र, जयबीर चेयरमैन, संदीप खरकिया, विनित तंवर, बजरंग प्रधान, मा. देवेन्द्र अत्री, अशोक पार्षद, राकेश कुमार, ललित कुमार, ओमपाल चेयरमैन व डा. बीरसिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।