युवती का पीछा करने वालों के मुंडवाए सिर

 
युवती का पीछा करने वालों के मुंडवाए सिर

अंबाला में मंत्री अनिल विज की फटकार के बाद पुलिस हरकत में आई। युवती का पीछा करने और उसके परिवार के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की बाजार के बीच सिर मुंडवा कर परेड कराई।

इस दौरान आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते रहे। आरोपियों ने कहा कि आगे से किसी लड़की की तरफ नहीं देखेंगे।

पुलिस के मुताबिक मामले में मुख्य आरोपी मुकुल, लव, संदीप, शुभम और राहुल को पकड़ा है। इनमें से मुकुल हिस्ट्रीशीटर रहा है। इसके खिलाफ अंबाला में ही हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार को अंबाला कैंट हाउसिंग बोर्ड की रहने वाली युवती कोचिंग सेंटर से घर लौट रही थी, तभी दो युवक लगातार उसका पीछा करने लगे। उन्होंने गाली-गलौज भी की। परेशान होकर लड़की ने माता-पिता को फोन कर मौके पर बुला लिया।

रामबाग ग्राउंड के पास युवती के परिजन पहुंच गए। इस दौरान युवकों ने भी अपने साथी बुला लिए। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को फोन किया। लेकिन जब तक पुलिस पहुंचती तब तक उन्होंने परिजनों के साथ मारपीट कर दी और वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया। मेडिकल के दौरान युवक वहां पहुंच गए और परिजनों को धमका कर चले गए।